टीम एबीएन, रांची। रांची सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तेज धूप और पछुआ हवा के प्रभाव से तापमान बढ़ा है। इस तपिश भरी गर्मी की वजह से बड़ी संख्या में लोग बीमार होने लगे हैं। रांची के सदर अस्पताल और रिम्स के ओपीडी में सामान्य दिनों की अपेक्षा डेढ़ गुणा मरीजों की संख्या बढ़ी है।
रांची सदर अस्पताल के मेडिसीन विभाग के डॉक्टर लक्ष्मीकांत साय ने बताया कि ज्यादातर लोग तेज गर्मी और धूप की वजह से बीमार पड़ कर अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉ लक्ष्मीकांत साय ने कहा कि जो मरीज पहुंच रहे हैं, उसमें से ज्यादा लोग बुखार, शरीर में दर्द, सुस्ती, डायरिया जैसी शिकायत के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि गर्मी को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।
अल्बर्ट एक्का चौक पर वर्षों से गोला चुस्की बेच रहे सचिन कहते हैं कि कुछ दिनों से गर्मी बढ़ने के साथ ही उनकी बिक्री बढ़ गयी है। उन्होंने बताया कि हर आइसक्रीम बेचने वाला चाहता है कि ऐसे ही उसकी बिक्री बनीं रहे।
शरीर में पानी की कमी, उल्टी, तेज बुखार, कमजोरी, सिर दर्द, चक्कर आना, डायरिया, हृदयाघात, मस्तिष्काघात, कार्डियोवास्कुलर जटिलताएं जैसे लक्षण के साथ परेशानी बढ़ सकती है। वहीं, इस मौसम में त्वचा पर रैशेज सहित अन्य समस्याएं होने का भी खतरा बढ़ जाता है।
लू यानी हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए बेहद जरूरी है कि अपने शरीर को हाइड्रेट रखें यानी शरीर में पानी और मिनरल की कमी न होने दें। इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी ज्यादा पानी पीना, समय-समय पर स्वस्थ रहने के बाद भी ओआरएस का घोल ले सकते हैं। दोपहर 12 बजे से शाम के 03 बजे तक घर से बाहर न निकलें। अगर बेहद जरूरी काम हो तो पूरे शरीर को ढंककर ही बाहर निकले ताकि गर्म हवा से सीधे शरीर का एक्सपोजर न हो।
लू लगे व्यक्ति को छांव में लिटा दें, ठंडे गीले कपड़े से शरीर को बार बार पोंछे या ठंडे पानी से लू लगे व्यक्ति को नहलायें। अगर इसके बाद भी अगर व्यक्ति की सेहत में सुधार न दिखें तो बिना समय गंवाये अपने नजदीकी अस्पताल ले जायें। गर्मी के दिनों में शरीर को हाइड्रेट करके रखना बेहद जरूरी है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा तरल खाद्य पदार्थो को अपने आहार में शामिल करें।
नमक पानी का घोल (ओआरएस), छाछ, नींबू पानी, कच्चा आम का शर्बत, लस्सी, तरबूज, खरबूज, खीरा, ककड़ी का उपयोग करें। तला-भुना, ज्यादा मसालेदार, बासी भोजन से परहेज करें। कोल्ड ड्रिंक से भी दूरी बनाएं, क्योंकि यह गर्मी के दिनों में थोड़ी और क्षणिक राहत तो देता है लेकिन स्वास्थ्य के लिए सही नहीं है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse