रांची : डीएवी कपिलदेव में दिखा संस्कार, शिक्षा और संवाद का समन्वय

 

डीएवी कपिलदेव में चार दिवसीय अभिभावक उन्मुखीकरण का सफल समापन 

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, कडरू, रांची में नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए आयोजित चार दिवसीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधुनिक शिक्षण-पद्धति तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की योजनाओं से अवगत कराना था। 

समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एमके सिन्हा ने शिक्षा के साथ संस्कारों एवं मानवीय मूल्यों के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने गायत्री मंत्र के गूढ़ अर्थ को सरल शब्दों में समझाते हुए इसे बच्चों के बौद्धिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि डीएवी परंपरा वैदिक आदर्शों और आधुनिक शिक्षा का अद्भुत संगम है, जो विद्यार्थियों को केवल सफल ही नहीं, बल्कि एक श्रेष्ठ इंसान बनने की दिशा में प्रेरित करती है। 

प्राचार्य ने शिक्षक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदाता नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाये रखें, उनके साथ समय बितायें तथा उनके अध्ययन, मित्रों और दिनचर्या पर ध्यान दें। साथ ही पंचतंत्र की प्रेरक कहानियों के माध्यम से नैतिक मूल्यों का संचार करने एवं बच्चों को बड़ों का सम्मान करना सिखाने पर जोर दिया। 

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम, मूल्यांकन प्रणाली, अनुशासन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गयी। संवाद सत्र में शिक्षिका जयीता नियोगी, ज्योति कुमारी, मंजु राणा,नागेंद्र झा,संजय सिंह, विशाल द्विवेदी, जीवन कुमार सिंह एवं सुभाष महतो ने अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। मौके पर वरिष्ठ शिक्षक एसके राणा, डॉ एन के पांडेय एवं काकोली दत्ता सहित अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। 

अभिभावकों ने इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। यह आयोजन विद्यालय एवं अभिभावकों के बीच सशक्त समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी आलोक इंद्रगुरु ने दी। 

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse