एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला/ लोहरदगा। छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज द्वारा आयोजित महाजतरा का भव्य आयोजन रथ मेला टांड़ करौंदी, गुमला में उत्साह और परंपरा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू शामिल हुए। मेले में क्षेत्र के हजारों लोगों की उपस्थिति रही और पूरे कार्यक्रम का माहौल सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपरा से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया जिसके पश्चात मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू जी का स्वागत किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू को शॉल और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये, जिन्हें उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। महाजतरा रथ मेला का मुख्य आकर्षण सामूहिक विवाह समारोह रहा।
इस अवसर पर लगभग 15 जोड़ों का सामूहिक विवाह पूरे विधि-विधान और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। विवाह समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। समाज के लोगों ने इसे सामाजिक सुधार और एक सकारात्मक पहल बताया, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को काफी राहत मिलती है।
मौके पर अपने संबोधन में धीरज प्रसाद साहू ने दहेज प्रथा को समाज के लिए एक गंभीर बुराई बताते हुए इसे पूरी तरह समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन दहेज प्रथा को खत्म करने की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और समान अधिकार देने की सोच विकसित करें।
उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने तेली समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि जब समाज के लोग नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में शामिल होंगे तभी समाज का समुचित विकास संभव होगा।
कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। महाजतरा रथ मेला सामाजिक एकता, परंपरा और सुधार की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मौके पर जमशेदपुर विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साहू,केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष रिपुषुदन साहू, समाजसेवी सच्चिदानंद चौधरी, जिला अध्यक्ष गुमला हीरालाल साहू, मनोज साहू, दीपांकर साहू, कलिंदर साहू आदि लोग के साथ हजारों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse