कोडरमा। आज 100 दिन रीडिंग अभियान विषय पर कोडरमा में जिला शिक्षा पदाधिकारी अलका जायसवाल के निर्देशन में एक जूम मीटिंग का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा विभाग के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं, सभी बीपीओ, बीआरपी एवं सीआरपी ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन नीति आयोग के साथ-ई कार्यक्रम के जिला को-आॅर्डिनेटर सह पिरामल फाउंडेशन के नीलेश शर्मा ने किया। इस मीटिंग के मुख्य अतिथि के रूप में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के उपाय बताए कि किस तरह से लगातार पढ़ने से पठन कौशल का विकास होता है। अपने छात्र जीवन के संस्मरण को जोड़ते हुए उन्होंने बताया कि भाषा के गद्य एवं पद्य, गणित के पहाड़े एवं सूत्र, संस्कृत के धातु रूप, शब्द रूप लगातार पढ़ते रहने से हमेशा के लिए मस्तिष्क में अंकित हो जाते हैं। मोबाइल के इस आधुनिक युग में बच्चों में घट रही पुस्तक रीडिंग की आदतों में इस योजना से बहुत लाभ होगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला कोआॅर्डिनेटर नीलेश शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम 1 जनवरी से 10 अप्रैल 2022 तक 100 दिनों तक चलेगा। उन्होंने लक्षित समूह, कार्यक्रम के उद्देश्यों, लक्ष्यों एवं साप्ताहिक गतिविधियों से सभी को विस्तार से अवगत कराया। इस अभियान का हिस्सा बालवाटिका से आठवीं तक पढ़ने वाले बच्चे होंगे। जिनको तीन समूह में वर्गीकृत किया गया है जैसे : 1. समूह 1- बालवाटिका से कक्षा 2, 2. समूह 2- कक्षा 3 से कक्षा 5, 3. समूह 3- कक्षा 6 से कक्षा 8 तक। बच्चों तक पहुंच बनाने के लिए स्कूल,घर, मोहल्ले और लोगों की भागीदारी, आॅनलाइन संवाद, मोबाइल लाइब्रेरी, बीआरसी, सीआरसी माता -पिता और एनएसएस/एनवाईकेएस की भागीदारी महत्वपूर्ण है। जिला और प्रखंड स्तर पर कुछ इस प्रकार की गतिविधिया आवश्यक है जैसे - रीड एलाउड, बुक रीडिंग, बातचीत, कहानीवाचन आदि। एडीपीओ शिव कुमार मल्लिक ने कार्यक्रम की गतिविधियों के बारे में बताते हुए कहा कि आॅनलाइन क्लास, मोहल्ला क्लास, डोर टू डोर विजिट कर सभी शिक्षक बच्चों में अखबार, पंख पत्रिका या टेक्स्ट बुक के माध्यम से बच्चों में पढ़ने के कौशल का विकास करें। राज्य परिवर्तन दल सदस्य अश्विनी तिवारी ने 100 दिन रीडिंग अभियान का शिक्षकों की ओर से स्वागत करते हुए इसको सफल बनाने हेतु सभी शिक्षकों से जुट जाने की अपील की। उन्होंने इस दौरान शिक्षकों को आनेवाली चुनौतियों से पदाधिकारियों को अवगत कराया जिसके निदान का भरोसा अनुमंडल पदाधिकारी ने दिया। सभी विद्यालयों को रीडिंग अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने एवं इसका अनुपालन करने हेतु आॅनलाइन, रिडिंग मोहल्ला क्लासेस आदि विधि से सफल करने का निर्देश दिया गया। बैठक के अंत में एसडीएम श्री मनीष कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन में सभी कार्यों को ससमय पूर्ण करने के साथ नये वर्ष की शुभकामनाएं दी गई।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse