टीम एबीएन, रांची। 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड की बेटियों ने इतिहास रचा है। मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित श्रीमंत राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में 2 जनवरी से 7 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीमों ने अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर डबल गोल्ड अपने नाम कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।
पूरे टूनार्मेंट के दौरान झारखंड की बेटियों ने अनुशासन, तकनीकी कौशल और जबरदस्त आत्मविश्वास का परिचय दिया। लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल तक टीम का प्रदर्शन संतुलित और आक्रामक रहा। खिलाड़ियों की फिटनेस, पासिंग गेम और गोल करने की क्षमता ने दर्शकों के साथ-साथ मेजबान राज्य की टीमों को भी प्रभावित किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से हुआ। रोमांचक मुकाबले में राजमुनी कुमारी और सुष्मिता गुरिया ने अहम मौकों पर शानदार गोल दागे, जिसकी बदौलत झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मैच के दौरान झारखंड की टीम ने लगातार दबाव बनाये रखा और निर्णायक क्षणों में संयम दिखाया।
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग का फाइनल भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा। इस मुकाबले में रोशनी आइंद, गुलजन कुमारी और लेवनी हेमरम के शानदार गोलों की मदद से झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3-2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक भी जीत लिया। मैच की शुरूआत से ही झारखंड की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और मध्यप्रदेश की टीम को रक्षात्मक खेल खेलने पर मजबूर कर दिया।
इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच और मैनेजमेंट की अहम भूमिका रही। टीम के साथ कोच और मैनेजर के रूप में गयी एम्मा बारा, रजनी टोप्पो, आरती बाराइक और दिव्या रोज जोजो की रणनीति, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व ने खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा बनाये रखा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse