झारखंड : कड़ाके की ठंड के कहर से राज्य में बढ़ी कनकनी

 

खूंटी में 2.1 डिग्री पहुंचा पारा; शीतलहर चलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। राज्य के लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। खूंटी, रांची, बोकारो, चाईबासा, डाल्टनगंज और लोहरदगा सहित कई जिलों में शीतलहर चलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया है। 

ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील 

ठंड बढ़ने के साथ ही अस्पतालों में ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। इसे देखते हुए मौसम केंद्र ने ठंड से बचाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र, रांची के अनुसार राज्य में सबसे कम तापमान खूंटी में 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। यहां जबरदस्त शीतलहर चल रही है। हालात ऐसे रहे कि खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में ओस की बूंदें जमकर बर्फ में तब्दील हो गयी। 

बुधवार सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो घास और वाहनों पर बर्फ की पतली परत जमी हुई दिखायी दी। हालांकि राहत की बात यह रही कि दिन में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली, लेकिन हवा में नमी बनी हुई है। मौसम केंद्र की आज सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक, खूंटी के बाद लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

डाल्टनगंज में 4.1 डिग्री, सिमडेगा में 5.2 डिग्री, सरायकेला में 5.4 डिग्री, चाईबासा और हजारीबाग में 5.5 डिग्री, रांची में 6.6 डिग्री, बोकारो में 6.7 डिग्री, पाकुड़ में 7.4 डिग्री, देवघर में 7.6 डिग्री, जमशेदपुर में 7.7 डिग्री, कोडरमा में 8.2 डिग्री और लातेहार में 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्डर् किया गया है। वहीं अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गयी है। 

8 जनवरी से राज्य के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना 

मौसम केंद्र के अनुसार चाईबासा में सबसे अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ है। दिन के समय लातेहार, हजारीबाग, लोहरदगा, रांची, कोडरमा, गुमला, बोकारो और डाल्टनगंज में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। 

लातेहार में अधिकतम तापमान 17.0 डिग्री, हजारीबाग में 18.8 डिग्री, लोहरदगा में 19.0 डिग्री, रांची में 19.1 डिग्री, कोडरमा और गुमला में 19.7 डिग्री, बोकारो में 20.1 डिग्री और डाल्टनगंज में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। 

इसके अलावा पाकुड़ और देवघर में 21.3 डिग्री, खूंटी में 22.4 डिग्री, सिमडेगा में 22.8 डिग्री और जमशेदपुर में 23.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। मौसम केंद्र ने बताया कि कड़ाके की ठंड के बीच 8 जनवरी से राज्य के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यह स्थिति 10 जनवरी तक बनी रह सकती है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse