टीम एबीएन, रांची। जिला में रांची-टाटा रोड किनारे शास्त्री चौक के निकट स्थित स्टेट बैंक सेवा केन्द्र में ग्राहक विश्वदेव मुंडा से नकाबपोश लुटेरों ने कुल 19 हजार रुपये लूट कर फरार हो गये। भागने के क्रम में लुटेरों ने दो राउंड गोलियां भी चलायीं। बुंडू पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किये हैं। ये घटना शनिवार शाम लगभग 5:30 बजे की बतायी जाती है।
इस संबंध में भुक्तभोगी ग्राहक विश्वदेव मुंडा ने बताया कि वे बुंडू के बारेडीह गांव के निवासी हैं, पेशे से वे कृषक हैं। गत 27 दिसंबर को इनकी माता का निधन हो गया था। श्राद्ध कार्य के लिए उनके द्वारा बड़ी मुश्किल से जमा किए गए 20 हजार रुपये बैंक से निकासी के लिए वे बुंडू शास्त्री चौक स्थित स्टेट बैंक सेवा केंद्र आये थे।
पैसों की निकासी करने के बाद वे 19 हजार रुपये (एक हजार रुपये सेवा केंद्र के उप संचालक के ही पास था) की गिनती कर ही रहे थे। इसी बीच अचानक पहुंचे तीन नकाबपोशों में से एक ने उनका रुपया छीन लिया। विश्वदेव मुंडा द्वारा विरोध करने पर एक नकाबपोश ने पिस्तौल का भय भी दिखाया।
सेवा केंद्र के उपसंचालक ऋतिक कुमार गुप्ता ने बताया कि उन सबों द्वारा विरोध करने पर तीनों नकाबपोश लुटेरे बाहर की ओर भागे। बाहर भी संभवत: उनके तीन साथी इंतजार कर रहे थे। भागने के क्रम में लोगों को डराने करने के उद्देश्य से उन्होंने दो राउंड गोलियां भी चलायीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लुटेरे दो बाइक पर तमाड़ की ओर फरार हो गये। सेवा केन्द्र के संचालक सुमीत जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत बुंडू थाना को दी गई। सूचना पाकर बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा सदल बल घटनास्थल पहुंचे। घटनास्थल से पुलिस ने अपराधियों द्वारा चलाये गये दो गोलियों के खोखे भी बरामद किये हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse