छात्रवृत्ति मुद्दे पर घेराव करेगा भाजयुमो

 

छात्रवृत्ति भुगतान के मुद्दे पर सड़कों पर उतरेगा भाजपा युवा मोर्चा, राज्य सरकार का करेगा घेराव 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गरीब, वंचित और जरूरतमंद छात्रों को वर्षों से छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने को लेकर गहरा असंतोष व्याप्त है। राज्य सरकार पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) आज राजधानी रांची में राज्य सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालेगा। यह शव यात्रा जिला स्कूल से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक जायेगी। 

कार्यक्रम को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने एससी, एसटी, ओबीसी समेत गरीब और पिछड़े वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति जान-बूझकर रोक रखी है। 

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य के लिए आवंटित छात्रवृत्ति की राशि को अन्य विकास योजनाओं में खर्च किया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। 

कई छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं 

प्रिंस कुमार ने कहा कि राज्य के हजारों छात्र फीस भरने में असमर्थ हैं। कई छात्र पढ़ाई छोड़ने की कगार पर पहुंच गये हैं, जबकि कई छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। भाजपा युवा मोर्चा ऐसे सभी छात्रों की आवाज बनकर सरकार से तत्काल छात्रवृत्ति भुगतान की मांग कर रहा है। 

मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया था 

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार ने शीघ्र छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया तो भाजपा युवा मोर्चा अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा और आजसू पार्टी ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया था। 

इसके साथ ही सदन के बाहर भी विरोध प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से छात्रों और संगठन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse