एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन (टाउन हॉल) में जिलास्तरीय समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। टाउन हॉल परिसर में लोग मांदर की थाप पर थिरकते नजर आये। वहीं छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से समा बांधा।
पलामू उपायुक्त समीरा एस. ने झारखंड के रजत पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस हमारी संस्कृति, अस्मिता और संघर्ष की पहचान है। धरती आबा बिरसा मुंडा ने स्वतंत्रता और स्वाभिमान की जो राह दिखाई, वह आज भी हमसबों को प्रेरित करती है। जिला प्रशासन जनजातीय समाज के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है। आज वितरित परिसंपत्तियां इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि सकल्प का दिन भी है। हम सभी आज धरती आबा के जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने शौर्य और उलगुलान से जल, जंगल जमीन की पहचान दी।
उपायुक्त ने झारखंड आदोलन के सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन की, जिनके बलिदान से यह राज्य अस्तित्व में आया। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, कर्मचारियों, शिक्षकों, चिकित्सकों और सुरक्षा कर्मियों को भी धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग और मेहनत से पिछले 25 वर्षो में विकास के हर पड़ाव को पार किया गया। इसका उदाहरण है कि आज हमलोग उन्नति दूरस्थ आदिवासी योजना के तहत सफलता अर्जित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का भी यही संकल्प था कि आदिवासी, जनजाति के हर सदस्य को अपना पहचान और अधिकार प्राप्त हो।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज हमसबों को संकल्प लेने की आवश्यकता है कि सभी पलामू एवं झारखंड के विकास यात्रा को और आगे बढ़ायेंगे। उपायुक्त ने रजत पर्व के अवसर पर राज्य व जिला के विकास में प्रशासनिक टीम के साथ सभी की सहयोग और जनभागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि रजत पर्व समृद्ध पलामू व झारखंड निर्माण की संकल्प लेने का दिन है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सभी को राज्य स्थापना दिवस व भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पलामू जिला व राज्य विकास व सुरक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। जिले में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाये रखने के लिए पुलिस विभाग सतत कार्य कर रही है। बेहतर पुलिसिंग से समाज सुरक्षित महसूस कर रहा है। यह सब जवानों की कुबार्नी व बलिदान और सभी के योगदान से संभव हो सका है। उन्होंने उदय योजना की सफलता के लिए जिला प्रशासन व जमीनी स्तर पर लगे सभी कर्मियों को बधाई देते हुए हौसला बढ़ाया।
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में सभी का स्वागत और शुभकामनाएं दी। साथ ही रजत पर्व के दौरान हुए विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने युवाओं को एकजुट कर उलगुलान किया और सफलता प्राप्त की। वर्तमान युवा पीढ़ी को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस/रजत पर्व के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि झारखंड को जनजातीय जीवनशैली के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी से प्रकृति के बीच रहकर जनसहभागिता से पलामू व राज्य का विकास करने की अपील की।
अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने उन्नति दूरस्थ आदिवासी योजना (उदय) से संबंधित विस्तृत विवरण एवं उपलब्धियां प्रस्तुत की। उन्होंने सामूहिक भागीदारी से पलामू जिला एवं झारखंड राज्य का सतत विकास की उम्मीद जतायी।
कार्यक्रम के दौरान उदय योजना के विजन, उद्देश्य, कार्यप्रणाली, गतिविधियों एवं प्रगति से संबंधित बुकलेट का विमोचन किया गया।
समारोह के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां वितरित की गयीं। कार्यक्रम के दौरान 24 लाभुकों को सामुदायिक वन पट्टा प्रदान किया गया। वहीं मुद्रा लोन एवं अन्य योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, ताकि आजीविका उन्नयन और सामाजिक- आर्थिक सशक्तिकरण को गति मिले। वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पिछले कुछ दिनों से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन-संघर्ष, उलगुलान की गौरवगाथा तथा झारखंडी जनजातीय संस्कृति पर आधारित गीत, नृत्य व नाटक प्रस्तुत किये। इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, भ्रूण हत्या अभिषाप, बेटियां बोझ नहीं, देश की शान हैं, से संबंधित रोंगटे खड़े करने वाले नाटक प्रस्तुत कर न केवल लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि दर्शक नाटक से जुड़े रहें। विद्यार्थियों की एक-से-बढ़कर-एक अद्भुत प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया और टाउन हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम स्थल को विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग्स से सजाया गया था। पेंटिंग मे मुख्य रूप से झारखंड एवं पलामू का नक्शा, झारखंड सरकार का लोगो, झारखंड मईया सम्मान,पलामू किला, बेतला नेशनल पार्क, भगवान बिरसा मुंडा की प्रेरणादायक झांकियां और उलगुलान के ऐतिहासिक दृश्य को अत्यंत आकर्षक और जीवंत रूप में उकेरा गया था। यह पेटिंग का आगंतुकों ने विशेष सराहना की।
टाउन हॉल परिसर में झारखंड लाइवलीहुड प्रमोशन समिति की ओर से विभिन्न उत्पादों का क्लास ब्रांड का स्टॉल लगाया गया। इस प्रदर्शनी-सह वितरण स्टॉल का उपायुक्त समीरा एस., पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन सहित अन्य पदाधिकारियों ने निरीक्षण कर वहां रखे उत्पादों का अवलोकन किया। साथ ही उत्पाद की खरीदारी कर आनलाइन भुगतान किया। वहीं सखी मंडल की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्री की सराहना की।
कार्यक्रम में डीआरडीए निदेशक रतन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संचालन शालिनी श्रीवास्तव ने की। मौके पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सहायक समाहर्ता हिमांशु लाल, सदर, छतरपुर और हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं आमजन उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse