टीम एबीएन रांची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला। झारखंड में ठंड ने बढ़ना शुरू कर दिया है। गुलाबी ठंड (सुबह की ठंडी हवा) के साथ-साथ शाम के समय कंपकंपी लाने वाली ठंडी हवा ने मौसम को और अधिक सर्द बना दिया है।
राजधानी रांची में जैसे-जैसे शाम ढलती है, लोग स्वेटर, जैकेट और अन्य ऊनी कपड़े पहने नजर आने लगे हैं। दिन में तेज धूप निकलने के बावजूद शाम की ठंडी हवा ठंड का एहसास कराती है, जिससे लोगों को बाहर निकलने में ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिन यानी 8 नवंबर तक गर्मी और ठंड में उथल-पुथल की स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद 9 नवंबर से ठंड में और भी वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 2-3 दिनों में पूरे राज्य का तापमान गिरावट की ओर रहेगा, जिसमें रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे और अधिकतम तापमान 28 डिग्री से नीचे तक दर्ज हो सकता है। यह ठंड सभी जिलों में महसूस की जाएगी।
मौसम केंद्र ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में सुबह सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जिससे वाहनों की आवाजाही थोड़ी मुश्किल हो सकती है। हालांकि दिन के समय मौसम शुष्क और साफ रहेगा और आकाश में बादल नहीं होंगे।
फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हवा का रुख अब उत्तर की ओर हो गया है, जो झारखंड में ठंड आने का प्रारंभिक संकेत माना जाता है। पिछले 24 घंटों में झारखंड में कहीं बारिश नहीं हुई है। यहां मौसम साफ और शुष्क बना रहा।
सर्वाधिक तापमान सरायकेला में 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं सबसे ठंडा स्थान लातेहार रहा, जहां न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में मौसम विभाग ने झारखंड के लोग आगामी दिनों में ठंड के लिए तैयार रहने और स्वयं का विशेष ख्याल रखने के के लिए चेतावनी दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse