गुमला। कर्नाटक के हॉस्पेट जिले में रोजगार की तलाश में गए गुमला जिले के पांच फंसे हुए श्रमिकों को जिला प्रशासन गुमला द्वारा मुक्त कराया गया। पांचों श्रमिक गुमला जिले के रहने वाले हैं। मुक्त कराए गए पांचों श्रमिकों के बीच आज जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी द्वारा 50-50 किलो चावल तथा 50-50 किलो गेहूं का वितरण कराया गया। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा एवं श्रम अधीक्षक एतवारी महतो के संयुक्त पहल पर कर्नाटक के हॉस्पेट जिले में डेढ़ माह से मछली पैकिंग करने वाले जिले के पांच श्रमिकों क्रमश: सदर प्रखंड के कसीरा पंचायत अंतर्गत कोयंजारा ग्राम निवासी प्रकाश महतो, सदर प्रखंड के मुरकुंडा पंचायत स्थित पतराटोली ग्राम निवासी राहुल गोप एवं मंगरा खड़िया, सचिन गोप तथा पालकोट प्रखंड के बघिमा पंचायत स्थित जबरा बैरीटोली निवासी संजू महतो को मुक्त कराकर वापस गुमला जिला लाया गया। गुमला जिला सकुशल वापस लौटे इन सभी श्रमिकों के बीच जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी के द्वारा अनाज का वितरण कराया गया। प्रत्येक श्रमिक को 50-50 किलो चावल तथा 50-50 किलो गेहूं उपलब्ध कराया गया। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी ने कहा कि आज गुमला जिला वापस लौटे सभी श्रमिकों के बीच आज अनाज का वितरण किया गया है। इसके साथ ही इन श्रमिक बंधुओं को राशन कार्ड भी मुहैया कराया जाएगा तथा रोजगार के साधनों से जोड़ने के उद्देश्य से उन्हें मनरेगा के तहत जॉब कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि ये बंधु अपने जिले में ही रहकर रोजगार के साधनों से जुड़ सकें और सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ प्राप्त कर सकें। मौके पर श्रम अधीक्षक एतवारी महतो ने बताया कि रोजगार के सिलसिले में कर्नाटक राज्य गए गुमला के पांच श्रमिकों को उनके मालिक द्वारा घर वापस नहीं आने दिए जाने की जानकारी प्राप्त होते ही उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार राज्यस्तरीय प्रवासी नियंत्रण कक्ष के माध्यम से फंसे हुए श्रमिकों को मुक्त कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। जिला प्रशासन द्वारा सभी फंसे हुए श्रमिकों को सकुशल गुमला जिला वापस लाया गया है। इन सभी मुक्त कराए गए श्रमिकों को मनरेगा के तहत जॉब कार्ड निर्गत कराने के साथ-साथ अपने जिले में ही रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने सभी श्रमिकों से श्रम विभाग अंतर्गत अंतर-राज्य प्रवासी मजदूर अधिनियम के तहत अपना निबंधन कराने की भी अपील की। मौके पर सदर प्रखंड के कसीरा पंचायत अंतर्गत कोयंजारा ग्राम निवासी प्रकाश महतो ने उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा एवं श्रम अधीक्षक एतवारी महतो द्वारा उन्हें एवं अन्य चार लोगों को कर्नाटक से मुक्त कराने पर जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके एक मित्र द्वारा झांसे से कर्नाटक में रोजगार उपलब्ध कराने की बात कहकर उन्हें और अन्य चार लोगों को कर्नाटक के हॉस्पेट जिला भेजा गया था। जहां काम के नाम पर उनसे मजदूरी कराया जाता था तथा मालिक द्वारा डेढ़ माह कार्य कराने के पश्चात उनके मजदूरी भुगतान भी लंबित रखा गया था तथा घर वापस आने की बात कहने पर मालिक द्वारा मारपीट भी की जाती थी। किंतु आज जिला प्रशासन एवं राज्यस्तरीय प्रवासी नियंत्रण कक्ष के सहयोग से वे सकुशल वापस अपने घर लौट आए हैं। श्रमिकों के बीच अनाज वितरण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, पांचों श्रमिक व अन्य मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse