टीम एबीएन, रांची। झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने आज कडरू स्थिति SFC भवन में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह के अलावा कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनका विभाग सीधे जनता की रसोई से जुड़ा हुआ है, इसलिए अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री इरफान ने बताया कि उनके विभाग और सरकार ने पहली बार धान क्रय के लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा किया है। साथ ही अब धान बिक्री करने वाले किसानों को वन टाइम पेमेंट करने का निर्णय बैठक में लिया गया है।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के लगभग 09 लाख गरीब परिवारों को पिछले 9 महीनों से चीनी नहीं मिल पा रही थी, लेकिन अब सरकार ने निर्णय लिया है कि दीपावली से पहले हर गरीब परिवार की को अनाज के साथ-साथ चीनी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडीएस डीलरों को निर्देश दे दिया गया है कि वे 20 तारीख से पहले कार्डधारकों के बीच चीनी का वितरण करें, ताकि लोगों को त्योहार के समय परेशानी न हो।
इस दौरान इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र की उदासीनता के कारण दाल की आपूर्ति में देरी हो रही है। कई बार पत्राचार करने के बावजूद केंद्र ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई है। ऊपर से राज्य का कोटा भी कम कर दिया गया है। इसके बावजूद राज्य सरकार ने खुद से दाल खरीद के लिए निविदा जारी कर दी है, ताकि जल्द हर लाभुक को दाल उपलब्ध कराया जा सके।
आज की समीक्षा बैठक के दौरान लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए विभागीय मंत्री ने बताया कि दिवाली से पहले हर अंत्योदय परिवारों के बीच धोती, साड़ी और लुंगी का वितरण किया जाएगा। इस बार इन वस्त्रों के साथ गुरुजी की तस्वीर भी दी जाएगी, जो राज्य की परंपरा और सम्मान का प्रतीक हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse