टीम एबीएन, रांची। झारखंड के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा की स्थिति पहले से सुधर रही है। वे रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं, जहां उनके सिर में लगी गंभीर चोट के बाद इलाज चल रहा है।
बुधवार को रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ अस्पताल पहुंचे और विमल लकड़ा के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से मिलकर पूरी स्थिति को समझा और कहा कि सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी।
संजय सेठ ने कहा कि विमल लकड़ा जैसे खिलाड़ी राज्य और देश का गौरव हैं और ऐसे समय में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। संजय सेठ ने कहा कि जब वह पहली बार मेडल जीत कर झारखंड पहुंचे थे, तो उस दौरान मैं बैंक में नौकरी करता था और उन्हें सम्मानित करने का मौका मिला था।
उनके लिए झारखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश खड़ा है, इस दौरान चिकित्सक संजय कुमार ने कहा कि पहले से स्थिति सुधर रही है ऑपरेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी। मेडिसिन से ही ठीक होने की संभावना ज्यादा है, लगातार चिकित्सकों की टीम मॉनिटरिंग कर रही है।
गौरतलब हो कि सोमवार को सिमडेगा जिले के अपने पैतृक गांव में खेत में काम करने के दौरान विमल लकड़ा अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। परिवारजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सिर में गंभीर चोट और ब्रेन क्लॉटिंग की आशंका जताई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें रांची रेफर कर दिया।
रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, ब्रेन में खून के थक्के जमने की पुष्टि हुई है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse