गुरुजी की सेहत में कोई सुधार नहीं

 

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को आया पैरालिसिस अटैक, हालत नाजुक! सलामती के लिए मांगी जा रहीं दुआएं 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता शिबू सोरेन कुछ दिनों से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उनके साथ सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शिबू सोरेन की तबीयत में न कोई सुधार है और न ही कोई इंप्रूवमेंट है। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिससे उनके शरीर के बायीं ओर पैरालिसिस हो गया है। 

शिबू सोरेन को आया पैरालिसिस अटैक 

भाजपा नेता रघुवर दास ने जानकारी दी है कि उन्हें हल्का पैरालिसिस अटैक आया है। वहीं, पिता की तबीयत को लेकर हेमंत सोरेन दिल्ली में ही है। इसी कारण वह राजधानी रांची के ऐतिहासिक रथ यात्रा में शामिल भी नहीं हुए। झारखंड में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकतार्ओं में चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। 

उनके जल्द स्वस्थ होने को लेकर पूजा की जा रही है। अनुष्ठान किए जा रहे हैं। झारखंड के विभिन्न हिस्सों में शिबू सोरेन को चाहने वाले उनकी सलामती की दुआ मांग रहे हैं। राजधानी रांची में कई जगहों पर उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा-अर्चना की गयी। झामुमो समर्थकों ने भगवान जगन्नाथ मंदिर में अनुष्ठान किया। 

कई वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं दिल्ली 

जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, भाई बसंत सोरेन और अन्य पारिवारिक सदस्य दिल्ली में मौजूद हैं। झामुमो के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी और संजय सिंह यादव भी गुरुजी का हाल जानने दिल्ली गए हैं। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर शुक्रवार को शिबू सोरेन को देखने दिल्ली पहुंचे। 

नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने दिल्ली पहुंचकर गुरुजी का हालचाल जाना है। इससे पहले 26 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी अस्पताल जाकर शिबू सोरेन का हालचाल ले चुकी हैं। राज्यपाल संतोष गंगवार भी दिल्ली में उनसे मुलाकात कर चुके हैं। 

गौरतलब है कि बीते दिनों शिबू सोरेन को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली ले जाया गया था। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी जिसके बाद उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। वे एक साल से डायलिसिस पर हैं और पहले भी उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse