टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार (25 जून) को आदित्यपुर स्थित आटो क्लस्टर में आयोजित भाजपा की प्रदर्शनी सभा और प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को देश में लगाये गये आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय कहा जायेगा। जिसे देश कभी नहीं भूलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आधी रात को आपातकाल लागू कर देश को एक खुली जेल बना दिया था। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया था।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा, लाखों राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों को जेल में बंद कर दिया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता के स्वार्थ में देश की जनता के साथ धोखा किया और लोकतंत्र की हत्या कर दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा इस काले अध्याय को आज के युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन कर रही है, ताकि वे लोकतंत्र की कीमत और उसकी रक्षा का महत्व समझ सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण दशकों से लंबित नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब संसद से पारित हो चुका है। यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है जो महिला नेतृत्व की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अब निर्णायक होगी। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर पा रही है न ही विकास कार्यों को आगे बढ़ा पा रही है।
राज्य में महिलाओं पर अत्याचार और अपराध बढ़ते जा रहे हैं लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। कहीं महिलाओं को टुकड़ों में काटकर बोरे में फेंका जा रहा है तो कहीं तेजाब से हमला हो रहा है, फिर भी अपराधी बेखौफ हैं और अधिकारी कुंभकर्णी नींद में।
झारखंड सरकार की मैया सम्मान योजना पर टिप्पणी करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह केवल चुनावी स्टंट था। सरकार ने एक-दो बार राशि दी फिर योजना ठंडे बस्ते में चली गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सम्मान की परिभाषा ही नहीं समझती और हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने राज्य की महिलाओं से अपील की कि वे सरकार के झूठे वादों से सावधान रहें।
उन्होने कहा, जो कांग्रेसी भाजपा पर संविधान का हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं, उन्हें आपातकाल को याद कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 25 जून 1975 को पूरे देश को जेल में तब्दील कर दिया था। असल मायने में लोकतंत्र की हत्या उन्होंने ही की थी। आज की युवा पीढ़ी को आपातकाल के काले दौर को जानना बेहद जरूरी है।
वहीं केंद्रीय मंत्री ने झारखंड सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में हर तरफ भय और भ्रष्टाचार का माहौल कायम है। राज्य के सरकारी कार्यालय से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। ना तो महिलाएं सुरक्षित हैं ना बेटियां सुरक्षित हैं। मैया सम्मान योजना को उन्होंने चुनावी जुमला करार दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse