टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मॉनसून सक्रिय है और लगातार असर दिखा रहा है। आज भी सुबह से कई इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून को रांची, लोहरदगा, खूंटी और लातेहार जिलों में वज्रपात और भारी बारिश की आशंका जतायी गयी है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, सिमडेगा, गुमला और पश्चिम सिंहभूम जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है, जिसे लेकर आॅरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान राज्य भर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। इधर, मौसम विभाग ने दो जुलाई तक रोज राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जतायी है।
इसके अलावा, 29 जून को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश को लेकर आॅरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं रविवार को बोकारो, पलामू, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिलों में भी जोरदार बारिश का अनुमान है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण रांची समेत कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलजमाव से यातायात बाधित हो रहा है। कई घरों, दुकानों और मोहल्लों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आयी हैं। साथ ही, बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse