एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। आयुष विभाग की ओर से आस्टियोआर्थराइटिस एवं मस्कुलोस्केलेटन विकारों से ग्रसित मरीजों तथा वायोमित्र कार्यक्रम अंतर्गत वृद्धजनों को इलाज हेतु जिले के सभी प्रखंडों में 16 से 24 जून 2025 तक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन आज जिले के सतबरवा, चैनपुर, रामगढ़, सदर मेदिनीनगर, नीलांबर- पीतांबरपुर, पांकी, मनातू प्रखंड कार्यालय में दो दिवसीय शिविर की शुरुआत हुई। यहां 17 जून को भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
इसके माध्यम से मरीजों का हड्डी, मांसपेशियों, जोड़ों का दर्द सहित अन्य असाध्य रोगों का नि:शुल्क इलाज किया गया। आयुष चिकित्सा पद्धति द्वारा इलाज के बाद जरूरत वाले मरीजों को दवाईयां भी दी गयी। दवाईयां नि: शुल्क दी गयी। साथ ही उन्हें योगाभ्यास करने के लिए जागरुक किया गया।
शिविर में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी,आयुष विभाग से जुड़े सहिया व योगा इंस्ट्रक्टर उपस्थित थे। मुख्य रूप से योगा इंस्ट्रक्टर शिविर में आयुष आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और युनानी चिकित्सा के अलग-अलग काउंटर लगाकर क्षेत्र से ग्रामीण मरीजों का नि:शुल्क इलाज किया और दवाईयां दी। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राम नारायण कारक सतबरवा, मेदिनीनगर सदर, रामगढ़ एवं आयुष के कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मृत्युंजय कुमार मेहता पांकी, मनातू एवं नीलांबर -पीताम्बरपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचकर आयोजित शिविर का जायजा लिया।
जिला आयुष पदाधिकारी डॉ राम नारायण कारक ने कहा कि आयुष पद्धति से मरीजों का हड्डी, मांसपेशियों, जोड़ों का दर्द, कब्ज, गैस सहित अन्य असाध्य रोगों का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। सभी लोग इसका लाभ उठायें। यह शिविर अलग -अलग प्रखंडों में 24 जून 2025 तक चलेगा। एक प्रखंड में दो दिन की शिविर होगी। सतबरवा, चैनपुर, रामगढ़, सदर मेदिनीनगर, लेस्लीगंज, पांकी, मनातू के प्रखंड मुख्यालय में आज से शुरू हुई शिविर 17 जून 2025 तक आयोजित किया जायेगा।
वहीं पाटन, नावा बाजार, उंटारी रोड, विश्रामपुर, नौडीहा बाजार, पड़वा व तरहसी प्रखंड मुख्यालय में 18 एवं 19 जून को शिविर का आयोजन किया जायेगा। साथ ही 23 एवं 24 जून को हुसैनाबाद, हरिहरगंज, पिपरा, पांडु, हैदरनगर, मोहम्मदगंज एवं छतरपुर प्रखंड मुख्यालय में शिविर का आयोजन किया जायेगा। आयुष पदाधिकारी ने सभी से अपील की है कि वे अपने नजदीकी प्रखंड पहुंचकर इलाज करायें और स्वस्थ बनें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse