टीम एबीएन, रांची। आर्गन ट्रांसप्लांट हेतु एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में कुल 3 अस्पतालों को आॅर्गन ट्रांसप्लांट करने की अनुमति मिल गयी। इनमें से एक अस्पताल को नया लाइसेंस मिलेगा, जबकि दो के लाइसेंस का रिन्यूवल किया जायेगा। अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इस बैठक में काउंसिल के सभी सदस्य उपस्थित थे जिनमें निदेशक प्रमुख, स्वास्थ्य सेवाएं, चंद्र किशोर शाही, हृदय रोग विशेषज्ञ श्री प्रकाश, नेफ्रोलॉजी की एचओडी प्रज्ञा घोष पंत, झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता और विभाग के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मिलिट्री हॉस्पिटल नामकुम, रांची को कॉर्निया ट्रांसप्लांट के लिए नया लाइसेंस मिला है, जबकि टीएमएच जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, धनबाद के लाइसेंस का रिन्यूअल हुआ है। कमेटी के समक्ष कुल 8 अस्पतालों ने लाइसेंस के लिए आवेदन समर्पित किया था।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे अजय कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने शेष अस्पतालों का भी रीविजिट कर उनका प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कमेटी की जांच पुरानी है और नये स्तर पर यह देखना होगा कि मौजूदा स्तर पर संबंधित अस्पताल में ट्रांसप्लांट की निमित्त बने नियमों के अनुसार सुविधाएं हैं या नहीं। उसी अनुरूप ही आगे की बैठक में निर्णय लिया जायेगा।
5 अस्पताल, जिसमें एचईसी पारस, ब्रह्मानंद नारायण मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, जमशेदपुर, एएसजी आई हॉस्पिटल, जमशेदपुर, आर्किड हॉस्पिटल, रांची और कोडरमा रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत रोटरी आई हॉस्पिटल का एक बार फिर विजिट किया जायेगा।
बता दें कि झारखंड में मूल रूप से दो आॅर्गन ट्रांसप्लांट होते हैं। पहला है कॉर्निया ट्रांसप्लांट और दूसरा है किडनी ट्रांसप्लांट। इन दोनों ट्रांसप्लांट के लिए विशेषज्ञों की टीम ने संबंधित अस्पतालों का दौरा कर रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के आधार पर निर्णय लिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse