मेदिनीनगर केन्द्रीय कारा में जेल मैनुअल का पालन करते हुए सुनिश्चित करें सभी व्यवस्थाएं : उपायुक्त

 

उपायुक्त की अध्यक्षता में केन्द्रीय कारा समिति की हुई बैठक


एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त समीरा एस० की अध्यक्षता में आज कारा सुरक्षा समिति की बैठक हुई।  उपायुक्त के कार्यालय वेश्म में आयोजित इस बैठक में मेदिनीनगर केन्द्रीय कारा सुरक्षा से संबंधित एवं कारा में संसाधनों को बेहतर करने की दिशा में विचार-विमर्श हुआ। उपायुक्त ने मेदिनीनगर केन्द्रीय कारा में जेल मैनुअल के अनुरूप सुरक्षात्मक उपायों, मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य जांच, पेयजल, शौचालय, फायर सेफ्टी, फस्ट एड किट की व्यवस्था, कैदियों/बंदियों से मुलाकाती पर विशेष ध्यान रखने का निदेश दिया। उन्होंने बंदियों के जीवन में सुधार हेतु आवश्यक सुविधाएं बेहतर करने का निदेश दिया। कारा में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कारा के सामने वाले मुख्य दीवार को और ऊंचा किए जाने एवं दीवार पर कटीले तार लगाए जाने का निर्णय लिया गया।  

वहीं पेयजलापूर्ति की समस्या के समाधान हेतु बोरिंग कराए जाने का निर्णय लिया गया।  कारा में अधिष्ठापित सुरक्षा उपकरणों के संचालन हेतु निर्वाध विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता पर बल दिया गया। स्थानीय थाना द्वारा कारा के वाह्य परिसर में गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि आसपास भी निगरानी की जा सके।

कारा में हॉस्पिटल भवन का एक सप्ताह में रिपेयर करने का निदेश भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। बंदियों के नियमित स्वास्थ्य जांच को लेकर सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कारा में चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की गई है। 

उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त चिकित्सक को अपनी जिम्मेवारी समझते हुए कारा में उपस्थित रहकर कैदियों/बंदियों का नियमित स्वास्थ्य जांच करने का निदेश दिया। उपायुक्त ने महिला वार्ड में महिला बंदियों के लिए  महिला स्वास्थ्यकर्मियों (एएनएम/जीएनएम) की प्रतिनियुक्ति कर उनका स्वास्थ्य जांच करवाने का निदेश सिविल सर्जन को दिया।  

बैठक में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के अधीक्षक भागीरथी कार्जी, जेलर आशीष कुमार, स्पेशल ब्रांच के डीएसपी दीपक कुमार, सिविल सर्जन अनिल सिंह, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता आदि पदाधिकारी उपस्थित थे। 

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse