टीम एबीएन, रांची। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम, टाटीसिलवे में विश्व पर्यावरण दिवस विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत जागरूकता रैली से हुई, जिसमें संस्थान के विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से टाटीसिलवे क्षेत्र में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इसके पश्चात टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन के समीप 101 पौधों का सामूहिक रूप से पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर टूल रूम के प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आशुतोष मिश्रा, ट्रेनिंग इंचार्ज मंगल टोप्पो, प्रोडक्शन इंचार्ज मो. जावेद अंसारी, इंजीनियर मेंटेनेंस कमलकांत सहित अन्य फैकल्टी पुर्नेंदु पंकज, राकेश कुमार, संजीव रंजन, गौरव प्रियदर्शी, राहुल रंजन ,सुश्री पूनम खलखो एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स रांची चैप्टर के साथ भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय समस्याओं और उनके समाधान पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए जनमानस को सतत विकास और हरित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम के प्राचार्य एवं इंस्टीट्यूशन आफ इंजीनियर्स रांची चैप्टर के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि हमें केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। जैसे कि अधिक से अधिक पौधारोपण और पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को रोकना। यही हमारे लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।
इस अवसर पर इंस्टिट्यूशन आफ इंजीनियर्स, रांची चैप्टर के सदस्यों ने न केवल अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई, बल्कि अपने अभिभाषणों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में ईआर संदीप भगत, महाप्रबंधक, सीएमपीडीआई, ईआर एमआर कुमार, ईआर मनोज कुमार, महाप्रबंधक, मेकॉन, एवं सुश्री सुमन सेठी जैसे अनुभवी विशेषज्ञों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन टूल रूम के ट्रेनिंग इंचार्ज मंगल टोप्पो ने किया, जबकि समापन भाषण वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आशुतोष मिश्रा ने प्रस्तुत किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse