शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी खुशी-खुशी मनायें त्योहार : उपायुक्त

 

  • पलामू में शांति समिति के सदस्य टीम भावना के साथ कायम करें मिसाल : पुलिस अधीक्षक 
  • सोशल व डिजिटल मीडिया पर पैनी नजर, मीडिया कर्मियों से भी अपील 
  • बकरीद को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में समाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील 
  • उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में नगर भवन में हुई बैठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। जिले में अमन-चैन, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाये रखने में शांति समिति, प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों की अहम भूमिका है। ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार के मद्देनजर जिले में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की आवश्यकता है। शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी पलामूवासी खुशी-खुशी त्योहार मनायें। जुलूस बिना अनुमति के नहीं निकालें। 

प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।  यह बातें पलामू उपायुक्त समीरा एस ने कही। वे आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक स्थानीय पं. दीनदयाल उपाध्याय समृति नगर भवन में आयोजित की गयी। 

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी से सामाजिक समरसता, भाईचारा एवं सौहार्द बनाये रखने की अपील की। शांति समिति के सदस्यों द्वारा पेयजल एवं बिजली की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि त्योहार में कोई समस्या नहीं होगी। समस्याओं का समय रहते निदान कर लिया जायेगा।   

पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कहा कि पूरे जिले में विधि व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। संयुक्त आदेश जारी किया गया है। पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन की संयुक्त प्रयास से विशेष एहतियायत एवं निगरानी बरती जा रही है। पलामू में शांति समिति के सदस्यों ने हमेशा से टीम भावना के साथ शांतिपूर्ण त्योहार मनाने में सहयोग किया है। इस त्योहार में भी शांति समिति के सदस्य एवं आमलोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाकर मिसाल कायम करेंगे। यही प्रशासन की उम्मीद है। 

उन्होंने कहा कि त्योहार को लेकर दंडाधिकारी एवं पुलिस बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती भी बढ़ायी गयी है। धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष चौकसी बरती जा रही है। उन्होंने अनुमति के उपरांत ही जुलूस निकालने एवं उसके लिए निर्धारित मार्ग का ही चयन करने का निदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी से त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।  

डिजिटल व इंटरनेट मीडिया पर पैनी नजर  

शांति समिति की बैठक में बताया गया कि बकरीद त्योहार के मद्देनजर वाट्सएप, फेशबुक, इंस्टग्राम, एक्स, युट्यूब, वेबसाइट, पोर्टल जैसे डिजिटल और इंटरनेट मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है। इसपर कई स्तरों पर निगरानी रखी जा रही है। किसी शरारती या असामजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने की कोशिश करने की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। 

सोशल मीडिया पर असामाजिक तत्वों द्वारा नफरत फैलाने वाले, भड़काऊ कॉमेंट्स और वीडियो प्रसारित कर साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किये जाने पर संबंधितों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। मीडिया कर्मियों से भी कोई भी सूचनाएं आने पर उसका सत्यापन करने के उपरांत ही प्रसारण एवं फारवर्ड करने की अपील की गयी। 

शांति समिति की बैठक में सभी से अपील की गयी कि बकरीद में कुर्बानी खुले में नहीं दी जाये एवं कुर्बानी के बाद अनुपयोगी चीजों का निपटारा इस तरह किया जाए कि पर्यावरण में प्रदूषण नहीं फैले। साथ ही शांति एवं विधि व्यवस्था तथा सांप्रदायिक सद्भाव बनाये रखने में मदद मिले।  

उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने बैठक का संचालन किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहार की तैयारी पूरी की गई है। संयुक्त आदेश जारी किये गये हैं। उन्होंने कहा कि बकरीद त्योहार को लेकर सतर्कता के साथ प्रशासन कार्य कर रही है। उन्होंने सभी से शांति पूर्ण त्योहार मनाने की अपील की।

नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी 

शांति समिति की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने कहा कि बकरीद त्योहार के मद्देनजर जिलास्तरीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। वहीं अनुमंडल स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष कार्य करेगा। जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष का नंबर 7070452955 है।  

बैठक में शांति समिति के सदस्य दुर्गा जौहरी, टीटी निरीक्षक बीएम पांडेय, पूर्व सदर समीम अहमद, मोहरम इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष जिशान खान, महावीर महावीर नवयुवक दल जनरल के अध्यक्ष जुगल किशोर एवं संरक्षक बबलू गुप्ता ने त्योहार शांतिपूर्ण मनाने की अपील करते हुए पेयजल, बिजली आदि की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग प्रशासन से की। प्रशासन द्वारा उन्हें भरोसा दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कर ली जायेगी।  

बैठक में उपायुक्त समीरा एस, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मेदिनीनगर जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, मुहर्रम इंतजामिया कमेटी, महावीर नवयुवक दल जेनरल के संरक्षक, अध्यक्ष आदि प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse