सीएम ने किया कार्तिक उरांव पथ का उद्घाटन

 

कार्तिक उरांव पथ के नाम से जाना जायेगा सिरमटोली फ्लाईओवर 

टीम एबीएन, रांची। नवनिर्मित सिरमटोली फ्लाईओवर को कार्तिक उरांव पथ के नाम से जाना जायेगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज पर्यावरण दिवस के अवसर पर सिरमटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन करते हुए की। 

इस अवसर पर मेकॉन चौक के समीप वन भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण दिवस की बधाई दी और पर्यावरण संकट पर चिंता भी जताई। मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि ज्यादा नहीं तो कम से कम एक पेड़ तो जरूर बचाएं। आज देश में प्लास्टिक को खत्म करने की मुहिम चल रही है। 

कई राज्य इसके प्रदूषण से जूझ रहे हैं। सरकार चाहे लाख कानून बना ले, लेकिन जब तक हम यह नहीं समझेंगे कि क्या करना है और क्या नहीं करना है, तब तक यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि गांव तो फिर भी सुरक्षित है, लेकिन शहर में स्थिति बद से बदतर है। शहर में सबसे ज्यादा बुद्धिजीवियों की संख्या होने के बावजूद समस्या सबसे ज्यादा है। 

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि स्थिति ऐसी हो गई है कि जंगल में रहने वाले जानवर अब शहर की ओर जाने लगे हैं। पर्यावरण बचाने को लेकर पूरी दुनिया चिंतित है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो पेड़-पौधे रहेंगे और हम भी बचे रहेंगे, नहीं तो कब बुरे दिन देखने पड़ेंगे कहना मुश्किल है। झारखंड वासियों के लिए यह सुखद बात है कि इसका नाम जेहन में आते ही जल, जंगल, पहाड़ और हरियाली से भरा राज्य जेहन में आता है। 

355.76 करोड़ की लागत से बना है यह फ्लाईओवर 

करीब 355.76 करोड़ की लागत से बना यह फ्लाईओवर एयरपोर्ट और अन्य जगहों पर जाने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद होगा। इससे पहले 24 अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2.24 किलोमीटर लंबे कांटा टोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया था। 

दोनों फ्लाईओवर के बन जाने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी। इस मौके पर पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कहा कि यह फ्लाईओवर नवीनतम तकनीक से बना है जिसमें कई तरह की बाधाएं आयीं जिन्हें दूर कर दिया गया। सरना स्थल के पास बने रैंप की ऊंचाई भी 124 फीट से घटाकर 84 फीट कर दी गयी है। 

इस मौके पर राज्य सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने संबोधित किया। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। मंत्री संजय प्रसाद यादव ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सकारात्मक चीजों में भी राजनीति करने से बाज नहीं आते।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse