टीम एबीएन, रांची। विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातु के प्रशस्त प्रांगण में इसकी हरीतिमा को और भी उन्नत करते हुए औषधीय पौधे लगाये गये। आज विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सुशीला गुप्ता और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के मानद आजीवन सदस्य शत्रुघ्न लाल गुप्ता ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर पारिस्थितिक क्लब के सदस्य, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।
प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण का समुचित संरक्षण हमारी जरूरत या बाध्यता नहीं अपितु हमारा सामूहिक उत्तरदायित्व है। हमारा जीवन प्रकृति की गोद में पलता है। यदि प्राकृतिक संसाधनों और उसके उपयोग के साथ यथोचित सामंजस्य नहीं रखा गया तो जीवन में असंतुलन उत्पन्न हो जायेगा। इसका परिणाम वैश्विक ऊष्मीकरण और जलवायु परिवर्तन के रूप में स्पष्ट परिलक्षित होता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के इस वर्ष का थीम है बीट प्लास्टिक पौल्युशन। प्लास्टिक के अधिकाधिक उपयोग से प्राकृतिक स्रोत, जैसे नदियां, सागर , झील, वायु आदि और प्राकृतिक छटाएं, जैसे पर्वत, नदियों और सागर के तट, उर्वर भूमि आदि प्रदूषित हो रहे हैं। इससे मानसिक और शारीरिक क्षमता का क्षय हो रहा है। डीएवी प्रबंधन द्वारा सतत पर्यावरण की रक्षा हेतु प्लास्टिक के उपयोग नहीं करने के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया जाता रहा है।
इस अवसर पर कक्षा तीन से नवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने आभाषी माध्यम से विद्यालय द्वारा आयोजित पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। इसमें उन्होंने स्लोगन, कविता वाचन, निबंध लेखन और चित्रकला द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस और उसके उद्देश्यों पर आधारित अपने विचारों को प्रस्तुत किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse