एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2018 बैच की अधिकारी समीरा एस आज पलामू के 105 वें जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण कार्यक्रम समाहरणालय के ब्लॉक-ए के द्वितीय तल पर अवस्थित नये सभागार भवन में संपन्न हुआ। निवर्तमान उपायुक्त श्री शशि रंजन ने उन्हें प्रभार सौंपा और फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण के उपरांत नव पदस्थापित उपायुक्त समीरा एस पदाधिकारी एवं मीडिया से मुखातिब हुईं। उन्होंने सभी से सहयोग की अपेक्षा जतायी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से पलामू का विकास होगा। उन्होंने विकास के कार्यो को आगे ले जाने की बातें कही।
निवर्तमान उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि पलामू में टीम भावना के साथ कार्य करने की कोशिश की। पलामू के विकास कार्यो में आमजनों के साथ- साथ, पदाधिकारी एवं मीडिया का काफी सहयोग मिला। उन्होंने सभी से जिले के चहुंमुखी विकास में वर्तमान उपायुक्त को भी सहयोग करने की उम्मीद जतायी। उन्होंने कहा कि पलामू में पदस्थापन के दौरान प्रोफेशनल परिपक्वता आई है।
पलामू में अपनापन का एहसास हुआ। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताया। पदभार ग्रहण के पश्चात उपायुक्त समीरा एस को जिले के पदाधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने पहुंची भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी समीरा एस एवं तत्कालीन उपायुक्त शशि रंजन ने संयुक्त रूप से समाहरणालय के ब्लॉक-ए के द्वितीय तल पर अवस्थित नये सभागार का फीता काटकर उद्घाटन भी किया।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के मौके पर मुख्य रूप से निवर्तमान उपायुक्त शशि रंजन, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी सहित अन्य कर्मीगण एवं मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse