टीम एबीएन, रांची। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र संख्या 32019, गोस्सनर कॉलेज, रांची में सत्र 2025 के नवनामांकित विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ सुभाकांत मोहंती विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवनामांकित विद्यार्थियों को इग्नू की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रम संरचना, मूल्यांकन प्रक्रिया और आनलाइन संसाधनों की जानकारी प्रदान करना था। डॉ मोहंती ने इग्नू की प्रमुख विशेषताओं को रेखांकित करते हुए बताया कि ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) प्रणाली के तहत अध्ययन अत्यंत सहज और लचीला है।
उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री की उपलब्धता, असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया, टर्म एंड एग्जामिनेशन की प्रणाली और सहायता केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि इग्नू में नामांकन की प्रक्रिया सरल एवं किफायती है, जिससे हर वर्ग के विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
डॉ मोहंती ने यह भी बताया कि इग्नू प्रत्येक वर्ष दो बार : जून और दिसंबर में परीक्षाएं आयोजित करता है, जिसमें विद्यार्थी अपनी सुविधा अनुसार परीक्षा में भाग ले सकते हैं। उन्होंने ई ज्ञानकोष और डिजिटल लाइब्रेरी जैसे आनलाइन शैक्षणिक संसाधनों के महत्व को भी रेखांकित किया।
इग्नू द्वारा संचालित 300 से अधिक शैक्षणिक कार्यक्रमों में मास्टर डिग्री, बैचलर डिग्री, सर्टिफिकेट कोर्स और पीजी डिप्लोमा कोर्स शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में प्रो विनय, प्रो सुरेंद्र, प्रो सुशील, प्रो सुब्रतो, प्रो संतोष समेत कई विद्यार्थी एवं शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse