15-16 मई को बारिश के आसार

 

मिलेगी राहत या फिर बढ़ेगा पारा 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर रखा है, तो कहीं दोपहर बाद की बारिश ने थोड़ी राहत दी है। इसी बीच रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। 13 और 14 मई को खासतौर पर राज्य के पूर्वी क्षेत्रों में लू का असर ज्यादा रहेगा।

वहीं 15 मई से मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत हैं। इस दिन उत्तर-पूर्वी हिस्सों में लू चल सकती है, जबकि पूर्वी और आसपास के मध्य क्षेत्रों में दोपहर बाद आसमान में बादल छा सकते हैं, तेज हवा चल सकती है और कहीं-कहीं वज्रपात व बारिश की संभावना है। हवा की गति इस दिन 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

16 मई को उत्तर-पश्चिम के 6 जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं (50 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना जताई गई है। 17 और 18 मई को भी बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश की स्थिति बनी रह सकती है। इधर सोमवार को संथाल परगना क्षेत्र में तेज गर्मी और लू का प्रभाव देखा गया, जबकि पाकुड़, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज और देवघर में दोपहर बाद बारिश हुई। 

बीते 24 घंटों में बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे गर्म जिला पलामू रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री ज्यादा था। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। 

  • 14 मई : साफ आसमान, मौसम शुष्क, अधिकतम तापमान 39, न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस 
  • 15 मई : आंशिक बादल, गरज वाले बादल की संभावना, तापमान 39 / 26 डिग्री सेल्सियस 
  • 16 मई : बारिश और मेघ गर्जन की संभावना 
  • 17-18 मई : गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव 

लू से बचने के लिए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही, बारिश और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की भी चेतावनी दी गयी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse