एबीएन न्यूज नेटवर्क, डेहरी आन-सोन (पटना)। पूर्व मध्य रेलवे के पंडित दिन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के डेहरी आन सोन रेलवे स्टेशन परिसर से आरपीएफ ने रविवार को 12 किशोरियों के साथ एक मानव तस्कर को गिरफ्तार किया। रेलवे पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तस्कर कपड़ा कारखाना में काम दिलाने के नाम पर लड़कियों को तमिलनाडु ले जा रहा था। आरोपित निरंजन कुमार पटना जिले के मसौढ़ी थानांतर्गत मातौड़ी गांव का निवासी है।
आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के अनुसार प्लेटफार्म पर गश्ती के क्रम में आरपीएफ जवानों ने झुंड में किशोरियां को संदिग्ध हालत में देख उनसे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान किशोरियों ने बताया कि वे झारखंड राज्य के पलामू जिलांतर्गत पाकी, सतबरवा, पाटन समेत छह थाना क्षेत्र के अलग-अलग गावों की रहने वाली हैं।
सभी ने बताया कि गिरफ्तार मानव तस्कर द्वारा धागा कारखाना में 375 रुपए प्रतिदिन की दैनिक मजदूरी पर कार्य करने के लिए कहकर तमिलनाडु ले जाया जा रहा है। पकड़ी गयी सभी किशोरियों के आधार कार्ड की जांच में उनकी उम्र 18 वर्ष से अधिक दर्शायी गयी है, किंतु स्वजनों को सूचित कर पड़ताल में शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र देखे जाने पर कोई सातवीं तो कोई आठवीं एवं मैट्रिक कक्षा की छात्रा निकली। फर्जी आधार कार्ड बनवाकर सभी को युवती दिखा कर मजदूरी करने ले जाया जा रहा था।
पकड़ी गयी सभी किशोरियों को चाइल्ड हेल्प लाइन के कार्यकर्ताओं को सूचित कर उन्हें सुरक्षित उनके साथ चाइल्ड हेल्प लाइन भेजा गया, ताकि वे सुरक्षित अपने परिजन तक पहुंच सकें। वहीं गिरफ्तार मानव तस्कर को राजकीय रेल थाना को सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी थानाध्यक्ष ने गिरफ्तार तस्कर को रेलवे न्यायालय गया के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse