टीम एबीएन, रांची। झारखंड में लगातार हर रोज बारिश देखने को मिल रही है। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को काफी राहत मिल रही है। वहीं, मौसम विभाग ने आज भी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को कोल्हान और संताल परगना में तेज हवाओं के साथ गरज, बिजली गिरने और बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान के अनुसार, 23 मार्च को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और साहिबगंज में कहीं- कहीं मेघ गर्जन के साथ मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
दक्षिणी हिस्से पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी और बोकारो में मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा बहने की संभावना है। 24 से 26 मार्च तक राजधानी समेत पूरे राज्य में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
बारिश होने से रांची में 10 डिग्री गिरा पारा
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में लगभग सभी स्थानों पर हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई, जबकि कहीं-कहीं पर मेघ गर्जन, आंधी और ओलावृष्टि के साथ भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा का रिकॉर्ड किया गया।
बीते शनिवार को हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम का मिजाज बदलकर रख दिया है। बारिश होने से रांची में तापमान लगभग 10 डिग्री गिरकर 34 से 24 डिग्री पहुंच गया। तापमान गिरने से ठंड फिर से लौट आईं और लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े। राजधानी में तो लोगों ने गर्म कपड़े तक निकाल लिए हैं। वहीं, बारिश से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse