टीम एबीएन, रांची। रांची में महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा के साथ-साथ सुगम ट्रैफिक व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किये गये हैं। राजधानी रांची में सभी शिवालयों के बाहर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गये हैं। वहीं राजधानी के ट्रैफिक रूट में भी 26 फरवरी को कई बदलाव किये गये हैं।
26 फरवरी को राजधानी रांची में महाशिवरात्रि धूमधाम के साथ मनायी जायेगी। इसके लिए रांची पुलिस की ओर से एक दर्जन प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किये गये हैं। साथ ही संभावित भीड़ को लेकर जगह-जगह जवानों की तैनाती की गयी है।
रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि 500 से ज्यादा अतिरिक्त बलों की रांची में तैनाती की गयी है। शहर के प्रमुख शिवालय पहाड़ी मंदिर की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किये गये हैं। सिटी एसपी ने बताया कि रांची में बेहद भव्य तरीके से शिवरात्रि मनायी जाती है। इस दौरान शिव बारात भी निकाली जाती है। ऐसे में सभी थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के थानेदारों को संवेदनशीन इलाकों पर विशेष फोकस रखने को कहा गया है। साथ ही थानेदारों को खुद अपने-अपने क्षेत्र में गश्ती लगाने का निर्देश दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी प्रकार की सूचना मिलने के बाद अपने आसपास से सटे थाना प्रभारी और डीएसपी से संपर्क स्थापित कर सुरक्षा सुनिश्चित करें।
इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने पीसीआर, टाइगर पुलिस और बीट पुलिस से भी लगातार संपर्क स्थापित करते रहने का निर्देश दिया गया है। शिव बारात के दौरान सुरक्षा के लिए मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल प्रदान किया गया है, जिनकी तैनाती की जायेगी। शिव बारात के दौरान उस रूट पर सभी तरह के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है। पूरे मार्ग की घेराबंदी की जायेगी।
शिव बारात को लेकर शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर, दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर, मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर, सुखदेवनगर जाने वाले मार्ग पर, बालाजी मंदिर के पास सुलभ शौचालय से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर और गोशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग की जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse