हजारीबाग। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ख़िलाही गांव की महिला बसन्ती देवी (24) को उसके ससुरालवालों ने रविवार को जलाकर मार डाला था। जिसमें उसके ससुर कुंजील साव और देवर निर्मल साव को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि उसका पति अंगद साव अब भी फरार है। बताते चलें कि दो बच्चों की मां को उसके पति एवं ससुरालवालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाने को लेकर कथित रूप से जलाकर मार डाला था। इस सम्बंध में उपसंभागीय पुलिस अधिकारी नजीर अख्तर ने बताया कि मृतक महिला के भाई के बयान के आधार पर इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उनके अनुसार स्थानीय स्रोतों से इस घटना के बारे में सूचना मिलने पर जब एक पुलिस दल को रविवार को ख़िलाही गांव भेजा गया, तब वहां बसंती का अधजला अवशेष ही मिल पाया था। अख्तर ने बताया कि पुलिस दल के पहुंचने से पहले ही महिला का पति अंगद साव तथा उसके परिवार के अन्य सदस्य उसके आठ और तीन वर्ष की आयु के बच्चों के साथ घटनास्थल से भाग गये। पुलिस के अनुसार उसके पहुंचने पर बस अंगद का छोटा भाई निर्मल साव ही घर में था, जिसे पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला के शव के अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की शाम शव परिजनों को सौंप दिया था। दाह संस्कार में मृतका के मायकेवाले भी शामिल थे। जहां पति अंगद साव अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। जबकि ससुर कुंजील साव पकड़ा गया। जिसे परिजनों ने पुलिस के हवाले कर दिया। बसंती देवी के भाई ने अपने बयान में कहा है कि उसकी बहन को उसके ससुराल वाले पैसे और दोपहिया वाहन की मांग करते हुए अक्सर तंग किया करते थे। पुलिस के अनुसार उसके भाई ने यह भी बताया कि बसंती की शादी में अंगद साव के परिवार को दहेज दिया गया था लेकिन ससुरालवालों की मांग इन सालों में बढ़ती ही गयी। जिसका अंजाम ऐसा रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse