एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा। झारखंड के 81 विधानसभा सीटों में से एक सीट गोड्डा भी है। गोड्डा जिले में स्थित यह विधानसभा क्षेत्र गोड्डा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। झारखंड राज्य के अस्तित्व में आने के बाद अगर बात करें विधानसभा चुनाव के बारे में तो साल 2005 में इस सीट पर भाजपा के मनोहर कुमार टेकड़ीवाल विधायक चुने गये थे जबकि 2009 में यह सीट आरजेडी के खाते में गयी और संजय प्रसाद यादव विधायक चुने गये, तो वहीं 2014 में इस सीट पर भाजपा ने फिर से कब्जा जमाया और रघुनंदन मंडल यहां से विधायक चुने गये।
वहीं 2019 में इस सीट पर भाजपा कैंडिडेट अमित कुमार मंडल ने जीत हासिल की थी। इस बार भी भाजपा की टिकट की दौड़ में अमित कुमार मंडल सबसे आगे चल रहे हैं। साल 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा कैंडिडेट अमित कुमार मंडल ने 85 हजार पांच सौ 78 वोट हासिल किया था। वहीं राजद कैंडिडेट संजय प्रसाद यादव 83 हजार 66 वोट लाकर दूसरे स्थान पर रहे थे।
इस लिहाज से अमित कुमार मंडल ने संजय प्रसाद यादव को चार हजार पांच सौ 12 वोटों के अंतर से हराया। वहीं जदयू कैंडिडेट रविंद्र महतो छह हजार चार सौ 17 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं साल 2014 के विधानसभा चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो इस सीट पर भाजपा के रघुनंदन मंडल ने राजद के संजय प्रसाद यादव को 34 हजार चार सौ 86 वोटों से हराकर जीत का परचम लहराया था।
रघुनंदन मंडल को कुल 87 हजार एक सौ 58 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे राजद के संजय प्रसाद यादव को कुल 52 हजार छह सौ 72 वोट मिले थे तो वहीं तीसरे स्थान पर रहे झामुमो के राजेश कुमार साह को कुल 17 हजार तीन सौ 29 वोट मिले थे। वहीं 2009 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो इस सीट पर राजद के संजय प्रसाद यादव ने भाजपा के रघुनंदन मंडल को 8 हजार सात सौ 55 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी।
संजय प्रसाद यादव को कुल 43 हजार पांच सौ दो वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के रघुनंदन मंडल को कुल 34 हजार सात सौ 47 वोट मिले थे। वहीं तीसरे स्थान पर रहे झामुमो के मनोहर कुमार टेकड़ीवाल को 22 हजार आठ सौ 32 वोटों से संतोष करना पड़ा था।
झारखंड बनने के बाद इस सीट पर हुए विधानसभा चुनाव परिणामों का विश्लेषण करें तो इस सीट पर कभी भाजपा तो कभी राजद का कब्जा रहा है। इस बार इंडिया गठबंधन की तरफ से ये सीट राजद के खाते में जायेगी। इसलिए गोड्डा सीट पर 2024 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse