एबीएन न्यूज नेटवर्क, गोड्डा/ रांची। झारखंड के 81 विधानसभा सीटों में से एक पोड़ैयाहाट सीट की अपनी अहमियत रही है। गोड्डा जिले में स्थित यह विधानसभा क्षेत्र गोड्डा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। झारखंड राज्य के अस्तित्व में आने के बाद अगर बात करें विधानसभा चुनाव के बारे में तो साल 2005 से 2019 तक बार-बार यहां से प्रदीप यादव ने जीत हासिल की है।
हालांकि इस दौरान प्रदीप यादव पार्टी बदलते रहे। प्रदीप यादव 2019 में झाविमो की टिकट पर चुनाव जीते थे, लेकिन अब प्रदीप यादव कांग्रेस पार्टी के विधायक हैं। इसलिए इस बार प्रदीप यादव कांग्रेस की टिकट पर पौड़ेयाहाट सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में झाविमो की टिकट पर प्रदीप यादव ने जीत हासिल की थी। हालांकि बाद में प्रदीप यादव ने बाबूलाल मरांडी का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया।
2019 के चुनाव में प्रदीप यादव ने 77 हजार तीन सौ 58 वोट हासिल किया था। वहीं भाजपा कैंडिडेट गजेंद्र सिंह को 63 हजार सात सौ 61 वोट मिले थे। इस लिहाज से प्रदीप यादव ने गजेंद्र सिंह को 13 हजार 597 वोट से हराया था। वहीं झामुमो कैंडिडेट अशोक कुमार 34 हजार सात सौ 45 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
साल 2014 के विधानसभा चुनाव परिणाम पर नजर डालें तो इस सीट पर झाविमा के प्रदीप यादव ने भाजपा के देवेंद्र नाथ सिंह को 11 हजार एक सौ 58 वोटों से हराकर जीत का परचम लहराया था। प्रदीप यादव को कुल 64 हजार 36 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा के देवेंद्र नाथ सिंह को कुल 52 हजार आठ सौ 78 वोट मिले थे तो वहीं तीसरे स्थान पर रहे झामुमो के अशोक कुमार को कुल 44 हजार सात सौ 37 वोट मिले थे।
वहीं 2009 के विधानसभा चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो इस सीट पर झाविमो के प्रदीप यादव ने झामुमो के सूरज मंडल को 36 हजार सात सौ चार वोटों से हराकर जीत हासिल की थी। प्रदीप को कुल 67 हजार एक सौ पांच वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर रहे झामुमो के सूरज मंडल को कुल 30 हजार चार सौ एक वोट मिले थे। वहीं तीसरे स्थान पर रहे भाजपा के प्रशांत कुमार को 24 हजार एक सौ 24 वोटों से संतोष करना पड़ा था।
वहीं साल 2005 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर पौड़ेयाहाट सीट से प्रदीप यादव ने जीत हासिल की थी। यानी पार्टी का सिंबल बदल-बदल कर पौड़ेयाहाट से चार बार प्रदीप यादव ने जीत हासिल की है। इस बार प्रदीप यादव कांग्रेस के सिंबल पर पौड़ेयाहाट से चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि वे पंजे के निशान पर पौड़ेयाहाट सीट से पांचवीं बार जीतने में सफल हो पायेंगे या नहीं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse