टीम एबीएन, रांची। रांची ट्रैफिक पुलिस और आरटीए सचिव ने राजधानी को चार जोन में बांट कर आटो के लिए 17 और ई-रिक्शा के लिए 113 रूट का निर्धारण किया है। आटो और ई-रिक्शा चालकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है और 27 अगस्त से बेमियादी हड़ताल की घोषणा कर दी है। यानी मंगलवार से राजधानी में आटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
हालांकि, आपातकाल में बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचानेवाले आटो व ई-रिक्शा इस हड़ताल से छूट रहेगी। वहीं, मालवाहक आटो भी इस हड़ताल से प्रभावित नहीं होंगे। आटो और ई-रिक्शा चालकों ने सोमवार को रातू रोड न्यू मार्केट स्थित आटो स्टैंड से जुलूस निकाल कर विरोध-प्रदर्शन किया।
जुलूस का नेतृत्व प्रदेश सीएनजी आटो चालक महासंघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी, रांची जिला आटो चालक यूनियन के अध्यक्ष अर्जुन यादव और रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन के संरक्षक उत्तम यादव ने किया। जुलूस रातू रोड से किशोरी यादव चौक और जाकिर हुसैन पार्क होते हुए कचहरी चौक पहुंचा और यहां सभा में तब्दील हो गया। यहां विरोध स्वरूप आरटीए सचिव और ट्रैफिक एसपी का पुतला भी जलाया गया।
तीनों यूनियनों के अध्यक्षों ने कहा कि कई बार अधिकारियों से वार्ता करने की कोशिश हुई, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो हड़ताल के सिवाय कोई रास्ता नहीं था। मंगलवार सुबह 5 बजे से ही आॅटो का परिचालन शहर में बंद कर दिया जायेगा। जब तक मांगें नहीं मानी जाती हैं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse