टीम एबीएन, रांची। आज यानी सोमवार को पूरे देश में जन्माष्टमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। देश के विभिन्न मंदिरों के साथ ही घर-घर भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर झारखंड वासियों को बधाई दी है। दरअसल, सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि जन्माष्टमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियां लाये।
सभी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहें, यही कामना करता हूं। वहीं, सीएम हेमंत की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी लोगों को जन्माष्टमी की बधाई दी है और लोगों की सुख और समृद्धि की कामना की है। बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बीते रविवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर उन्होंने गोविंदा आला रे के जयघोष के बीच दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर आधारित लेजर शो का भी आनंद लिया। वहीं, बाल गोपाल तथा बाल राधा रूप सज्जा प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व -त्योहारों के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों से हमारी पौराणिक परंपरा- संस्कृति मजबूत होती है।
ऐसे कार्यक्रम हमें एकजुट करते हैं। सभी मिलकर पूरे हर्ष और उल्लास के साथ त्योहारों का आनंद लेते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म ग्रंथों पर निरंतर शोध हो रहे हैं। इन्हें सरल भाषा में लिखा जा रहा है, ताकि लोग आसानी से अपने धर्म ग्रंथो को पढ़कर अपनी पौराणिक गाथाओं से अवगत हो सकें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse