टीम एबीएन, पलामू/ रांची। आज यानी गुरुवार को पलामू स्थित चियांकी हवाई अड्डा परिसर में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम होगा। आयोजित कार्यक्रम को सीएम हेमंत संबोधित करेंगे। सीएम के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।
चियांकी हवाई अड्डे से लेकर सर्किट हाउस तक चौक चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है। विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गयी है। सीएम आज पलामू प्रमंडल के 5 लाख 48 हजार लाभुकों को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि भेजेंगे।
वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उद्योग विभाग के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री बैद्यनाथ राम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, झारखंड के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री बेबी देवी, कृषि, पशुपालन, सहकारिता विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल होंगी। इसके अलावा पलामू एवं चतरा सांसद, प्रमंडल क्षेत्र के तीनों जिले के पलामू, गढ़वा एवं लातेहार के सभी विधायक को आमंत्रित किया गया है।
सीएम हेमंत सोरेन ने एक्स पर लिखा कि प्रमंडल वार झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सम्मान राशि सभी बहनों के खातों में 22 अगस्त से पहुंचनी शुरू हो जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 21 अगस्त तक 45 लाख बहनों का निबंधन हो चुका है। इनमें 42 लाख 85 हजार (94.6%) बहनों के आवेदन को प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है।
सीएम ने कहा कि प्रमंडलवार कार्यक्रम में मैं आप बहनों से संवाद करूंगा एवं सभी बहनों के खातों में सम्मान राशि की पहली किस्त पहुंच जायेगी। उन्होंने कहा कि मात्र 18 दिनों में यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। सीएम हेमंत ने बताया कि वह किन जिलों की महिलाओं के साथ संवाद करेंगे। सीएम ने इसकी लिस्ट भी शेयर की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse