टीम एबीएन, रांची। कल यानी 15 अगस्त को भारत अपना 78 वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। लोकतंत्र के महापर्व स्वतंत्रता दिवस को लेकर झारखंड में तैयारियां जोरों पर है। इस मौके पर झारखंड पुलिस के 7 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और 11 पुलिसकर्मियों को पुलिस सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है। गृह मंत्रालय ने आज यानि बुधवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रपति पदक और उत्कृष्ट सेवा के पदक प्राप्त करने वालों की सूची जारी की है।
जानकारी के मुताबिक, राज्य के गढ़वा एसपी समेत 7 को वीरता पदक दिये जाने का ऐलान किया गया है। इनमें गढ़वा एसपी दीपक कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार सिंह, एएसआई सचिदानंद सिंह, हवलदार उमेश सिंह, कांस्टेबल सुभाष दास, कांस्टेबल रविंद्र टोप्पो और कांस्टेबल गोपाल गंझू के नाम शामिल हैं।
जबकि 11 पुलिसकर्मियों को पुलिस सराहनीय सेवा पदक से नवाजा गया है जिसमें रणधीर कुमार सिंह, विमल कुमार छेत्री, सलोमी मिंज, संजय उरांव, हेमा रानी कुल्लू, रेखा कुमारी, संजीव कुमार गुप्ता, ऋतुराज, राजेंद्र राम, अरुण उरांव, संजय कुमार शामिल है। वहीं, झारखंड की फायर सर्विस में पहली बार अग्निशमन विभाग के फायरमैन प्यारेलाल तांबवार को भी गैलेंट्री मेडल से नवाजा गया है।
बता दें कि इस बार पूरे देश के 1,037 कर्मियों को यह अवार्ड दिया जाएगा। वीरता के लिए 214 पदकों में से 208 पदक पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को सर्वाधिक 52 वीरता पदक, जम्मू-कश्मीर पुलिस को 31 वीरता पदक दिए जाएंगे। गैलेंट्री अवार्ड साल में 2 बार यानि गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिए जाते हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse