मुंडन कराने आरा से देवघर आ रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत

 

  • कार पेड़ से टकरायी, दो बच्चों समेत तीन की मौत, छह गंभीर
  • चालक को नींद आयी और हो गयी दुर्घटना, आरा से बच्चों का मुंडन कराने देवघर आ रहे थे सभी
  • दुर्घटना में भाई-बहन व नानी की हो गयी मौत, कार पर सवार थे 2 बच्चों समेत कुल नौ लोग
  • चकाई- देवघर मुख्य मार्ग के बसबुटिया गांव के समीप अहले सुबह करीब 4 बजे हुई दुर्घटना

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। चकाई- देवघर मुख्य मार्ग के बसबुटिया गांव के समीप अहले सुबह करीब चार बजे बिहार के आरा से बच्चों का मुंडन कराने आ रहे श्रद्धालुओं से भरी कार पेड़ से टकरा गयी। इसमें 2 बच्चों समेत 3 लोगों की मौत हो गयी। 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।

सड़क दुर्घटना में मृत और घायल लोग बिहार के आरा जिले केबताये जा रहे हैं कि चालक को नींद लगने की वजह से उक्त घटना घटी। मृतक की पहचान आरा जिले के शहर थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी नागेंद्र राम के 5 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार, 5 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी व नागेंद्र की सास के रूप में हुई है। सास की उम्र 55 वर्ष थी। मृतक महिला दुर्घटना के शिकार हुए बच्चों की नानी थी।

घायलों में मृतक बच्चों की मां नेहा कुमारी, पिता नागेंद्र कुमार, कार चालक बिहार के ही रोहतास जिले के कछौन थाना क्षेत्र के कैथीकछौन गांव निवासी रोहित कुमार, नागेंद्र की बहन चरपोखरी थाना क्षेत्र के मनैनी गांव निवासी मीना देवी पति बजरंगी राम, नागेंद्र का साला आनंद कुमार पिता छोटू राम एवं नेहा की नानी रोहतास जिले के कछौन थाना क्षेत्र के कैथीकछौन गांव निवासी बाबुनी देवी पति रामप्रवेश राम शामिल हैं।

नागेंद्र सहित नेहा, बाबुनी व रोहित का इलाज देवघर के सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं घायल आनंद व मीना देवी का इलाज जमुई सदर अस्पताल में चल रहा है। इधर, देवघर सदर अस्पताल के आईसीयू में मृतक बच्चों की मां की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

इस संबंध में घायल नागेंद्र ने बताया कि बच्चों का मुंडन कराने के लिए आरा से देवघर आ रहे थे। रात को चकाई के आगे एक लाइन होटल में करीब दो घंटे तक आराम करने के बाद अहले सुबह देवघर के लिए चले ही थे कि चालक को नींद आ गयी और कार अनियंत्रित होकर सामने पेड़ से टकरा गयी।

लाइन होटल वालों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया

घटना के बाद लाइन होटल वालों व स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल भेजा गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए सभी को जमुई सदर अस्पताल व देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse