टीम एबीएन, रांची। लोकसभा निर्वाचन 2024 में सभी मतदान केंद्रों पर 4डी कैमरा के माध्यम से वेबकास्टिंग की जायेगी। इस वेबकास्टिंग पर मुख्य निर्वाचन कार्यालय, जिला निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के साथ भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से मानिटरिंग की जानी है।
इस बार के मतदान में मतदान केंद्र के अंदर एवं बाहर दोनों ओर के फीड पर विभिन्न स्तरों से मानिटरिंग की जायेगी। उक्त बातें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कही। वह बुधवार को निर्वाचन सदन में सभी जिलों में वेबकास्टिंग, जीपीएस ट्रैकिंग एवं ह्वीकल मैनेजमेंट हेतु गठित सेल के नोडल पाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों में निर्वाचन संबंधित चल रही तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मतदान कार्य में लगे वाहनों का भुगतान ससमय करते हुए उसे मतदान कार्य से मुक्त करें। वाहन के प्रबंधन में सभी जिलों के पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें। किसी प्रकार के संशय की स्थिति में मुख्यालय में गठित वाहन प्रबंधन कोषांग से विमर्श कर निर्णय लें।
उन्होंने कहा कि वाहनों के प्रबंधन में इस बात का ध्यान रखें कि निर्वाचन के दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी सुगमता से बहाल रहे। उन्होंने चालकों की खुराकी, पेट्रोल पम्प मालिकों को एडवांस पेमेंट, वाहन मालिकों को एडवांस पेमेंट आदि विषयों पर जिलों में किये जा रहे कार्य को लेकर वाहन प्रबंधन की समीक्षा की। साथ ही इन सब का वीएमएस पोर्टल पर संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों पर इवीएम पहुंचाने वाले वाहनों में जीपीएस लगाकर इसकी मानिटरिंग करने एवं संधारण गृह में इवीएम के संधारण के उपरांत ही जीपीएस को हटाने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संदीप सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित मुख्यालय एवं जिला स्तर पर गठित वेबकास्टिंग, जीपीएस ट्रैकिंग एवं ह्वीकल मैनेजमेंट प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse