टीम एबीएन, कोडरमा। लोकसभा आम चुनाव 2024 के निमित मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कोडरमा द्वारा प्रखंडवार मतदान केंद्रों, क्लस्टर प्वाइंट व इंटरमीडिएट स्ट्रांग रूम पर मूलभूत सुविधाएं, रूट चार्ट, मतदान कर्मियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था/विधि व्यवस्था इत्यादि की जानकारी ली जा रही है।
इस क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज द्वारा मरकच्चो प्रखंड का दौरा किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मरकच्चो प्रखंड के सबसे सुदूरवर्ती व पहाड़ों के बीच बसे गांव में बने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
इन सभी मतदान केन्द्रों पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था, मतदाताओं के लिए वाहनों की व्यवस्था, मतदान केन्द्रों पर शेड की व्यवस्था समेत मूलभूत सुविधाएं यथा बिजली पानी शौचालय इत्यादि की जानकारी ली। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इन मतदान केन्द्रों पर सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे।
मतदान कर्मियों को मतदान कराने में किसी प्रकार की दिक्कतें न हो, ख्याल रखेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दिव्यांग मतदाताओं और 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं को होम वोटिंग करने से संबंधित जानकारी ली। साथ ही दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।
बूथ अवेयरनेस ग्रुप के माध्यम से मतदाताओं को नैतिक मतदान करने के लिए प्रेरित करें। सभी बीएलओ मतदाताओं के बीच जाकर शत् प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करें। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि 20 मई 2024 मतदान दिवस के दिन मताधिकार का प्रयोग कर अवश्य मतदान करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज द्वारा प्राथमिक विद्यालय कैटया मतदान केंद्र 360, उत्क्रमित +टू उच्च विद्यालय डगरनवां मतदान केंद्र 361,नव सृजित प्राथमिक विद्यालय बनुमुरहा मतदान केंद्र 362 और उत्क्रमित मध्य विद्यालय परसाबाद मतदान केंद्र 363 के समेत अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज द्वारा मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत डुमरगढ़ा बरियारडीह चेकनाका का औचक निरीक्षण किया और प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को सभी प्रकार की छोटी-बड़ी वाहनों की गहनता से जांच करने का निर्देश दिये।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पुरेंदु, प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी मरकच्चो समेत अन्य मौजूद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse