एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। खूंटी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और इंडिया अलायंस से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा एक ही दिन अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों 23 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे और उसी दिन दोनों नेता लोकसभा क्षेत्र में कार्यकतार्ओं के साथ पदयात्रा भी करेंगे।
नामांकन से पहले दोनों प्रत्याशी पदयात्रा के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे, जिसकी तैयारी दोनों पार्टियों ने शुरू कर दी है। नामांकन के दिन भाजपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी पहुंचे वाले हैं, जो अपने-अपने प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
खूंटी लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की तारीख से पहले राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गयी है। खूंटी लोकसभा सीट से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने एक बार फिर कालीचरण मुंडा को उम्मीदवार बनाया है।
नामांकन को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व्यापक तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के चुनाव कार्यालयों में हलचल देखी जा रही है। 23 अप्रैल को नामांकन के दिन खूंटी, तोरपा, तमाड़, कोलेबिरा, सिमडेगा और खरसावां से भी बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया कि नामांकन की तिथि 23 अप्रैल तय की गयी है, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि नामांकन के समय कांग्रेस समर्थक कहां जुटेंगे और पैदल मार्च करेंगे। नामांकन के समय पूरे लोकसभा के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता खूंटी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि लोग जुटेंगे और पैदल मार्च करेंगे, चाहे मीडिया कुछ भी कहे, लेकिन इसे शक्ति प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता।
वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता ने कहा कि 23 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की तिथि भी निर्धारित कर दी गयी है। सभी जिलों से कार्यकर्ता खूंटी आकर नामांकन में भाग लेंगे। पूरे लोकसभा में उत्साह का माहौल है, कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं।
पैदल मार्च की योजना बनाई जा रही है और इसमें प्रदेश स्तर के भाजपा पदाधिकारी भी शामिल होंगे। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद एक सभा भी आयोजित की जायेगी और राष्ट्रीय स्तर के नेता इसे संबोधित करेंगे। अभी बैठक स्थल का चयन नहीं किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse