एबीएन सेंट्रल डेस्क। महाराष्ट्र के पालघर जिले में 22 वर्ष की एक लड़की की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर मिनाजुद्दीन अब्दुल अजीज मुल्ला ने कर दी। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, जो लड़की मुल्ला के साथ लिव इन में रह रही थी, वह उस पर शादी का दबाव बनाने लगी थी। इससे मुल्ला परेशान हो गया और गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया था।
पुलिस ने शुक्रवार (29 मार्च 2024) को बताया, 15 मार्च 2024 को पालघर जिले के दहानू शहर में किराए के एक कमरे में लड़की का क्षत-विक्षत शव मिला था। पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने कहा, अनीशा बरस्ता खातून नाम की लड़की का शव 15 मार्च को दहानू के एक चॉल में स्थित एक कमरे में मिला था। इसमें वह अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रहती थी।
शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने शुरुआत में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, शव के परीक्षण रिपोर्ट में यह बात सामने आयी कि लड़की की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद इसे हत्या के मामले में बदल दिया गया और हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी गयी।
पाटिल ने बताया कि दहानू डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक अंकिता कंसे की अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जो जांच का नेतृत्व कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि लड़की के साथ 26 वर्षीय मिनाजुद्दीन अब्दुल अजीज मुल्ला रहता था। उसने रवींद्र रेड्डी के नाम से किराये पर कमरा ले रखा था और मृतक को अपनी पत्नी बताया था।
जांच में यह भी पता चला कि मुल्ला पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले का रहने वाला है। मृतक लड़की भी वहीं की रहने वाली थी। लड़की की हत्या करने के बाद मुल्ला फरार हो गया। इस दौरान लड़की की लाश सड़ने लगी तो पड़ोसियों ने कमरे से दुर्गंध आने की शिकायत करते हुए कमरे के मालिक को सूचना दी।
मालिक ने जब कमरे को खुलवाने की कोशिश की तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोला गया तो अंदर एक लड़की का शव पड़ा हुआ सड़ रहा था। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आरोपितों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए दहानू पुलिस स्टेशन की एक टीम को पश्चिम बंगाल भेजा गया था।
पाटिल ने बताया कि सात दिनों के लगातार प्रयासों के बाद टीम ने 22 मार्च 2024 की सुबह मुल्ला को पकड़ लिया। उसे पालघर की अदालत में भेज दिया गया, जहां उसे 2 अप्रैल तक हिरासत में भेज दिया गया। एएसपी पंकज शिरसाट ने बताया कि आरोपित ने पीड़िता की हत्या कर दी, क्योंकि वह उससे शादी करने की जिद कर रही थी। वहीं, मुल्ला उससे शादी करना नहीं चाहता था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse