हजारीबाग में जेवर दुकान में फायरिंग, नकली गहने लेकर भागे अपराधी
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिले के सदर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी रोड स्थित गीतांजलि ज्वेलर्स में लूट की घटना हुई है। तीन अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दुकान में रखे आभूषण लूट लिये।
सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छुपा रखे थे। दुकान में मौजूद दुकानदार और स्टॉफ को डराने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की गयी। वहीं बताया जा रहा है कि अपराधी जो आभूषण लूटकर ले गये हैं, वह सभी नकली हैं।
आभूषणों की दुकानें आमतौर पर आर्टिफिशियल आभूषणों से सजी होती हैं। अपराधी यही आभूषण साथ ले गये हैं।
घटना शनिवार की रात दुकान बंद करने से ठीक पहले करीब 9:04 बजे की बतायी जा रही है। तीनों अपराधी हथियार से लैस थे।
कुछ ही देर में उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह, सीडीपीओ और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच में जुटे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश अपराधी घुसते दिख रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, अपराधियों ने दुकान में घुसते ही फायरिंग कर दी। इससे दुकान संचालक मिंटू सोनी व अन्य लोग डर गये। कुछ ही मिनटों में अपराधी आभूषण लूटकर फरार हो गये।
अपराधियों में से एक ने मंकी कैप और दो ने मास्क पहन रखा था। तीनों अपराधी नवयुवक हैं। उनकी गतिविधियों से ऐसा लगता है कि वह कोई पेशेवर अपराधी नहीं है। घटना के बाद दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। 8 दिन पहले भी इसी दुकान का ताला टूटा था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse