टीम एबीएन, रांची। शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। नेतरहाट विद्यालय में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए दोबारा विज्ञापन जारी कर दिया गया है। बुधवार से आनलाइन फार्म भरने शुरू हो गये। आनलाइन आवेदन के बाद आवेदन की प्रिंटेड कॉपी 10 अप्रैल तक विद्यालय के पते पर भेजना होगा।
विद्यालय में हिन्दी एवं अंग्रेजी के चार-चार, संस्कृत एवं गणित के दो-दो तथा जीव विज्ञान, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, कृषि एवं राजनीति विज्ञान के एक-एक पद सम्मिलित हैं। नियुक्ति प्रक्रिया चार चरणों में पूरी की जायेगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों के आवेदन की स्क्रूटनी होगी।
यह स्क्रूटनी अभ्यर्थियों के एकेडमिक अंकों तथा अनुभव के आधार पर की जायेगी। इसके माध्यम से प्रत्येक पद के विरुद्ध 15 गुना अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान की जायेगी। लिखित परीक्षा 50 अंकों की होगी। इसके माध्यम से प्रत्येक पद के विरुद्ध 10 गुना अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के लिए किया जायेगा।
इसके बाद शिक्षण कौशल क्षमता की जांच की जायेगी। इसके माध्यम से प्रत्येक पद के विरुद्ध पांच गुना अभ्यर्थी का चयन साक्षात्कार के लिए होगा। वहीं, आॅनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गयी है। पूर्व में जारी विज्ञापन के तहत आवेदन दे चुके अभ्यर्थियों के लिए दोबारा आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse