टीम एबीएन, टीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पलामू के स्थानीय पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में उपायुक्त शशि रंजन ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। साथ जिलेवासियों को संबोधित किया।
मौके पर पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, सहायक समाहर्ता रवि कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक, आयुक्त के सचिव अरविंद कुमार, अपर समाहर्ता सुरजीत सिंह, उप निदेशक कल्याण मतियस विजय टोप्पो सहित पलामू प्रमंडल एवं पलामू जिले के प्रशासनिक तथा पुलिस पदाधिकारी के अलावा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
स्वतंत्र भारत का यह गणतंत्र चेहरा पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा है। यह तिरंगा जो शान से लहरा रहा है, यह आजादी के उन दीवानों को याद दिलाता है, जिनके लिए देश व देश की आजादी ही सब कुछ था। उन सबको हमारा कोटि-कोटि नमन।
आज वक्त है उन मनीषियों व पुरोधाओं को नमन करने का, जिन्होंने अपने अथक प्रयासों से देश के लिए एक सुव्यवस्थित, समृद्ध व सशक्त संविधान की रचना की है। आप सबको मालूम होगा संविधान निर्माण के उपरांत उसमें पर 284 सदस्यों के हस्ताक्षर दर्ज हैं। यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि इनमें दो महापुरुष इसी पलामू जिले के थे।
इनमें स्व. यदुवंश सहाय उर्फ यदु बाबू एवं स्व. अमीय कुमार घोष उर्फ़ गोपा बाबू। इन दोनों विभूतियों ने पहले अंग्रेजों के खिलाफ स्वाधीनता की लड़ाई लड़ी और फिर संविधान सभा के सदस्य के रूप में संविधान निर्माण में महती भूमिका निभायी। आज उन्हें स्मरण कर सैलूट करते हुए रोम- रोम पुलकित हो रहा है।
यह धरती राजा मेदिनीराय के प्रताप से निर्मित एवं क्रांतिकारी नीलांबर-पीतांबर के शहादत से आलोकित है। हम उनके माध्यम से सभी स्वाधीनता सेनानियों व संविधान निर्माताओं का अभिनंदन-वंदन करते हैं। भारतीय संविधान के जनक बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित सभी मनीषी सदस्यों, जिनमें विदुषी महिला भी सम्मिलित थीं के अमीट योगदान को प्रणाम करते हैं तथा उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं।
साथियों यह जो आजादी व संविधान हमें हमारे पूर्वजों ने सौंपा है, उसे अक्षुण्ण बनाये रखने की जिम्मेवारी हमारी है। पलामू जिला प्रशासन इस दायित्व को निभाने का हर संभव कोशिश कर रहा है। संकल्प के साथ हमारा अनवरत प्रयास है कि हम भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के प्रत्येक योजनाओं को लागू कर आम-अवाम तक पहुंचायें।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुंचाने के लिए हमने आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को अभियान का स्वरूप प्रदान किया है। इसे लेकर प्रत्येक पंचायत में पहुंचे हैं, जहां काफी संख्या में ग्रामीण आये और विभिन्न योजनाओं का लाभ उठायें था अपनी समस्याओं का समाधान कराया।
बच्चों को शिक्षा में प्राथमिकता दी जा रही है। अबुआ आवास योजना अंतर्गत जरूरतमंदों को घर दिए जा रहे हैं। साथ ही अनाज भी उपलब्ध कराया जा रहा है। विधि-व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त किया जा रहा है। इसके अलावा सभी सरकारी लाभों को जनता तक पहुंचाने के संकल्पों के साथ हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। जनता एवं प्रशासन के बीच की दूरी कम करने के लिए नियमित रूप से जनता दरबार लगाया जा रहा है, जिससे लोगों को त्वरित न्याय मिल रहा है।
देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों सहित झारखंड के महान क्रांतिकारी वीर बुधु भगत, चांद-भैरव, फूलो-झानो, नीलांबर- पीतांबर एवं भगवान बिरसा मुंडा सहित सभी स्वाधीनता सेनानियों के सपने को भारत बनाने में पलामू जिला प्रशासन कदम- से-कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। इसे बेहतर बनाने में आपके सुझाव व सहयोग का हमेशा स्वागत है।
जिला प्रशासन के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल की गयी है। जिसमें तीन नई लाइब्रेरी यथा चैनपुर, हुसैनाबाद एवं छतरपुर में स्थापित की जा रही है। सपनों की उड़ान कार्यक्रम के तहत आईआईटी/ मेडिकल के लिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं हेतु करियर काउंसलिंग कराई जा रही है, जिसके बाद उनके लिए कोचिंग क्लास की व्यवस्था की जायेगी।
जिले के माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न विषयों के स्नातक प्रशिक्षित एवं प्लस टू उच्च विद्यालय में विभिन्न विषयों के प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति करते हुए पदस्थापन किया गया है। जिले में चयनित तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में 641 छात्राओं का नामांकन किया गया है। वहीं कक्षा 1 से 10 में अध्यनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराया गया है। वहीं जिले के उच्च विद्यालय में आईसीटी लैब संचालित है। इसका फायदा सीधे रूप से विद्यार्थियों को मिल रहा है।
प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहल की गई है। इसमें सदर अस्पताल पलामू के तहत उत्क्रमित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में 50 बेड का एसएनसीयू, 12 बेड का आईसीयू , 6 सीसीयू एवं 50 बेड का लेबर वार्ड का शुभारंभ किया गया है। साथ ही सीएचसी आदि स्वास्थ्य केंद्रों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है।
जिले में अबुआ आवास योजना अंतर्गत आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर के माध्यम से 2 लाख 17 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसके लिए स्थाई प्रतीक्षा सूची तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है। इस योजना अंतर्गत के प्रत्येक लाभुक को आवास के साथ पांच सुविधा यथा बिजली कनेक्शन, पेयजल कनेक्शन, राशन कार्ड, शौचालय, बच्चों को आंगनबाड़ी की सुविधा प्रदान की जायेगी।
बीज विनिमय एवं वितरण योजना एवं बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा जिले के किसानों को शत प्रतिशत अनुदान पर रवि मौसम में गेहूं, चना, मक्का एवं सरसों फसल का प्रमाणित बीज तथा 50% अनुदान पर गेहूं, मसूर तथा सरसों का बीज वितरण किया गया है। इसके अलावा जेएसएलपीएस के द्वारा जिले में दाल मिल का अधिष्ठापन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि के तहत 92 हजार से अधिक किसानों के बैंक खाते में प्रतिवर्ष 6 हजार स्थानांतरण किया जा चुका है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत वर्ष 2023-24 में 550 किसानों के खेत में 225 हेक्टेयर में ड्रिप स्प्रिंकलर सिस्टम का अधिष्ठापन का कार्य किया जा रहा है।
किसानों के कृषि संबंधी समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित निदान हेतु तीनों अनुमंडल मुख्यालय में एग्री क्लीनिक सिंगल विंडो सेंटर संचालित की गयी है। कृषि एवं संबद्ध विभाग के संयुक्त तत्वाधान में समेकित कृषि प्रणाली एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने एवं ग्राम का समेकित विकास हेतु जिले के सात प्रखंडों का चयन एग्री स्मार्ट ग्राम हेतु किया गया है।
समेकित कृषि प्रणाली एवं जैविक खेती के बढ़ावा देने एवं ग्राम का समेकित विकास हेतु जिले के दो बीज गुणन प्रक्षेत्र गणके मेदिनीनगर एवं हरिहरगंज प्रखंड में बिरसा ग्राम सह कृषक पाठशाला संचालित किया जा रहा है।
सहकारिता विभाग द्वारा 285 पैक्सों में से 50 पैक्स को कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य करने हेतु आईडी निर्गत किया जा चुका है। पलामू जिला अंतर्गत कार्यरत पैक्सों/ विशेष प्रकार की समितियों के द्वारा खाद एवं बीज का उठाव कर जिले के किसानों के बीच वितरण किया जाता है। हुसैनाबाद प्रखंड के दंगवार पंचायत में कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाले पशुपालकों, युवा उद्यमियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा इस विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत 283 ग्रामीण महिलाओं को 75% से लेकर 90% अनुदान पर लाभ देने हेतु चयन कर ली गई है एवं लाभुक अंशदान जमा करने की कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के माध्यम से किसानों के आर्थिक विकास एवं मजदूरों के पलायन रोकने के उद्देश्य से अनुदान पर बकरी विकास योजना, शुकर विकास योजना, बैकयार्ड लेयर कुक्कट योजना, बॉयलर कुक्कट विकास योजना, बतक-चूजा योजना एवं जोड़ा बैल की योजना से लाभुकों को लाभान्वित किया गया है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत जिले के मत्स्य कृषकों को अनुदान पर आईस प्लांट, लघु फीस फीड मिल, आरएएस, बायोफ्लॉक टैंक जैसे बड़े योजनाओं को दिया जा रहा है। इससे भविष्य में मछली का उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मत्स्य कृषकों की आर्थिक स्थिति में भी व्यापक सुधार होगा। यह सभी योजनाएं तकनीकी ढंग से उपयोग में लाकर मछली उत्पादन में कई गुना वृद्धि लाई जा रही है। साथ ही मत्स्य विपणन हेतु पिकअप वैन, ऑटो रिक्शा एवं मोटरसाइकिल का भी वितरण किया जा रहा है।
राज्य योजना अंतर्गत बंजर भूमि/ राइस फैलो विकास योजना अंतर्गत तालाब जीर्णोद्धार की योजना का क्रियान्वयन, भूमि संरक्षण विभाग द्वारा सरकारी अनुदान की राशि 90% एवं लाभुक अंशदान 10% की दर से किया जाता है।
जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक हर घर को नल के माध्यम से एफएचटीसी से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है। इस क्रम में ग्रामीण क्षेत्र की संपूर्ण आबादी को पाइप जलापूर्ति के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
लोगों में जल गुणवत्ता को बढ़ाने हेतु जिला स्तरीय प्रयोगशाला मेदिनीनगर एवं अवर प्रमंडलीय प्रयोगशाला पांकी में स्थित है, जिसके माध्यम से पलामू जिले के प्रत्येक गांव के जल स्रोतों का जल जांच किया जाता है। साथ ही प्रत्येक जल सहियाओं को एफटीके का वितरण किया गया है, जिससे जल जांच किया जा रहा है। साथ ही लोगों के बीच जल गुणवत्ता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
शौचालय के लिए छूटे हुए योग्य लाभुकों का ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किया गया है, जिसका जिला द्वारा सत्यापन कराते हुए शौचालय निर्माण का कार्य कराया जायेगा।
मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल निर्धारित 54 लाख 232 श्रम बजट के विरुद्ध जनवरी तक 51 लाख 30 हजार से अधिक मानव दिवस का सृजन किया गया है। वहीं करीब डेढ़ लाख व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराते हुए मजदूरी मद में राशि व्यय की गयी है।
नीलांबर-पीतांबर जल समृद्धि योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2,795 टीसीबी, मेढ़बंदी 3,126 एवं एक हजार 119 डोभा का कार्य पूर्ण किया गया है। साथ ही 426 कंपोस्ट पिट की योजना पूर्ण की गयी है। मनरेगा एवं महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण के अभिसरण से पलामू जिले में 311 आंगनबाड़ी केंद्र का भवन निर्माण पूर्ण किया गया है तथा अवशेष का कार्य प्रगति पर है। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत वर्ष 2023-24 में पलामू जिले में 1,775 एकड़ क्षेत्रफल में एक लाख 78 हजार 560 फलदार पौधों का रोपण किया गया है।
बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन के तहत सिंचाई सुविधा हेतु 6 हजार 619 योजना ली गई है, जिसका कार्य प्रगति पर है। मनरेगा एवं 15वें वित्त आयोग के अभिसरण से पलामू जिले के प्रत्येक पंचायत में खेल को बढ़ावा देने के लिए वीर शहीद फोटो हो खेल विकास योजना के तहत 521 योजना ली गई है, जिसमें 283 योजना का कार्य प्रगति पर है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना से योग्य एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को लाभान्वित किए जाने का प्रयास जारी है।
जेएसएलपीएस द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यक्रम के तहत 1657 गांव में 18 हजार 470 सखी मंडल, 1310 ग्राम संगठन एवं 60 संकुल संगठन का गठन किया गया है, जिससे 2 लाख 12 हजार 350 परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आर्थिक परिवर्तन परियोजना अंतर्गत जिले के सतबरवा, नीलांबर-पीतांबरपुर एवं मेदिनीनगर प्रखंड़ों को अच्छादित किया गया है। परियोजना अंतर्गत 115 उत्पादक समूह के माध्यम से उद्यमिता विकास एवं वैल्यू चैन के माध्यम से आर्थिक परिवर्तन हेतु कार्य किया जा रहा है।
सखी मंडल सदस्यों द्वारा तैयार उत्पादों को पलाश ब्रांड अंतर्गत बाजार से जोड़ा गया है। जिले के सखी मंडल द्वारा निर्मित 17 उत्पादों की बिक्री पलाश मार्ट एवं पलाश ऑनलाइन एप के माध्यम से भी की जा रही है। सखी मंडल द्वारा निर्मित उत्पादों को संस्थागत बाजार उपलब्ध कराने हेतु पलाश ब्रांड अंतर्गत पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड में सरसों तेल उत्पादन इकाई, मसाला उत्पादक इकाई, अगरबत्ती एवं अरहर दाल तथा आंटा उत्पादन इकाई की स्थापना की गयी है। पलाश ब्रांड अंतर्गत तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री हेतु समाहरणालय परिसर सहित सभी प्रखंडों में पलाश मार्ट की स्थापना की गयी है।
कल्याण विभाग द्वारा प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना एवं साइकिल वितरण योजना का लाभ बच्चों को दिया जा रहा है। साथ ही अल्पसंख्यक कब्रिस्तान का चहारदीवारी निर्माण भी करायी जा रही है। इसके अलावा सरना स्थल का चारदिवारी निर्माण, बिरसा मुंडा आवास निर्माण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ योग्य एवं जरूरतमंद लाभुकों को दिया जा रहा है।
बालिकाओं के शिक्षा स्तर को बढ़ाने एवं बाल विवाह रोकने हेतु सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का संचालन झारखंड सरकार द्वारा किया जा रहा है। इस योजना अंतर्गत वर्ग 8 एवं 9 की छात्राओं को 2500 एवं वर्ग 10 से 12 तक की छात्राओं को 5000 तथा 18 से 19 वर्ष की बालिकाओं को 20 हजार एक मुफ्त देने का प्रावधान है। इस योजना के तहत जिले में 55 हजार 80 छात्राओं को लाभान्वित किया गया है।
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अंतर्गत जरूरतमंद विवाहित जोड़ों को 30 हजार एक मुफ्त राशि विवाह के बाद कन्या के खाते में सरकार के द्वारा दी जाती है। इस योजना में अबतक 439 लाभुकों को लाभान्वित किया गया है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित करने हेतु प्रोत्साहन राशि प्रदान किया जाता है। इसके अंतर्गत 7 हजार 900 गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। साथ ही स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर योजना से 346 अनाथ बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अंतर्गत पीएच योजना के तहत 3 लाख 72 हजार से अधिक परिवार के 16 लाख 60 हजार से अधिक सदस्यों को 5 किलोग्राम प्रति सदस्य एवं 45 हजार 303 अंत्योदय परिवारों को 35 किलोग्राम खाद्यान्न प्रतिमान निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। इस योजना के तहत 4 लाख 18 हजार 92 परिवार के 18 लाख 28 हजार 926 सदस्यों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त उक्त सभी लाभुक परिवारों को नमक, चीनी एवं किरासन तेल का वितरण किया जा रहा है।
सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से आच्छादित पात्र गृहस्थ एवं अंत्योदय अन्न योजना के लाभुक परिवार एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अच्छादित लाभुक परिवारों को उनके जीवन स्तर में सुधार हेतु वर्ष में दो बार धोती लूंगी एवं एक साड़ी प्रति वस्त्र 10 रूपए की दर से अनुदानित दर पर वितरण किया जा रहा है। इस योजना अंतर्गत 3 लाख 64 हजार 846 परिवारों को वस्त्र का वितरण किया गया है।
पीटीजी डाकिया योजना के तहत जिले के 14 प्रखंडों में आच्छादित 4 हजार 604 परिवार को उनके घर तक 35 किलोग्राम खाद्यान्न का पैकेट एवं अन्य सामग्री उनके निवास स्थान तक उपलब्ध कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अच्छादित लाभुक परिवारों को प्रति राशन कार्ड 1 किलोग्राम चना दाल एक रुपए प्रति किलोग्राम की दर से जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के माध्यम से वितरण कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजना में पलामू जिला अंतर्गत पेंशन पोर्टल पर प्रविष्ट करीब ढाई लाख पेंशनधारियों के खाते में प्रतिमाह एक हजार रूपए का भुगतान किया जा रहा है। सभी पेंशनधारियों को जनवरी 2024 तक का भुगतान किया जा चुका है।
नवंबर- दिसंबर, 2023 माह में आयोजित आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न पंचायत एवं वार्डों में लगे शिविर के दौरान छूटे हुए योग्य व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे आवेदन प्राप्त करते हुए सर्वजन पेंशन योजना के तहत 7 हजार 208 नये पेंशनधारियों को अच्छादित किया गया है।
ई-श्रम पोर्टल में निबंधित 6 लाख 58 हजार 394 श्रमिकों को झारखंड भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत निबंधित निर्माण श्रमिकों की संख्या 58 हजार 124 है। इन्हें योजना के अंतर्गत सेफ्टी किट योजना, मजदूर किट योजना, साइकिल सहायता योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, मृत्यु दुर्घटना सहायता योजना, मातृत्व प्रसूति सहायता योजना, मेधावी पुत्र/पुत्री छात्रवृत्ति योजना एवं पेंशन योजना सहायता प्रदान की जाती है।
प्रवासी मजदूर अधिनियम के तहत निबंधित श्रमिकों की संख्या 8 हजार 58 है। प्रवासी श्रमिकों का अन्य राज्यों में दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को मृत्यु दुर्घटना सहायता योजना से लाभान्वित किया जाता है।
पर्यटन मद अंतर्गत सतबरवा के मलय डैम का सौंदरीकरण कार्य कराया गया है। जल्द ही साहसिक क्रीड़ा एवं जल क्रीड़ा का संचालन किया जाएगा। हुसैनाबाद में ठाकुरबाड़ी मंदिर एवं मुरली पहाड़ी का कार्य पूर्ण किया गया है। वहीं पांकी प्रखंड के गौरीदह प्राचीन शिव मंदिर का कार्य प्रगति पर है। चैनपुर प्रखंड में अवस्थित तलेया-बभंडी में राधा कृष्ण मंदिर का सौंदरीकरण कार्य किया जा रहा है एवं मेदिनीनगर के चियांकी पहाड़ी का सुंदरीकरण कार्य कराया जाना है।
चैनपुर प्रखंड में रानीताल डैम, हैदरनगर में देवी धाम मंदिर, मोहम्मदगंज में भीम चूल्हा, हुसैनाबाद में सूर्य मंदिर, नौडीहा बाजार सूर्य मंदिर एवं पाटन प्रखंड के सेमरी द्वारपाल पर सौंदरीकरण का कार्य करने हेतु प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्राकृतिक आपदा पानी में डूबने से मृत 10 व्यक्तियों के आश्रितों को 40 लाख रुपये, सर्प दंश से मृत तीन व्यक्तियों के आश्रितों को 12 लाख रूपये, सड़क दुर्घटना में मृत 37 व्यक्तियों के आश्रितों को 37 लाख रुपये, वज्रपात से मृत 6 व्यक्तियों के आश्रितों को 24 लाख रुपये तथा वज्रपात से प्रभावित 11 व्यक्तियों को पशु रिप्लेसमेंट हेतु चार लाख 36 हजार रुपये का भुगतान किया गया है।
जिले के पाटन अंचल में 27 टाना भगत परिवारों का उत्तराधिकार नामांतरण के द्वारा जमाबंदी कायम की गयी है एवं सभी का निःशुल्क लगान रसीद निर्गत किया गया है। साथ ही दो लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ अतिरिक्त कमरा निर्माण हेतु 70-70 हजार रुपये का भुगतान किया गया है एवं 25 लाभकों को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ दिया गया है।
जिले में मध्य जनवरी 2024 तक दाखिल खारिज के 58 हजार 107 मामले निष्पादित किये गये हैं। जिले में 4 हजार 652 केस ई- रेवेन्यू कोर्ट पोर्टल के माध्यम से निष्पादित किये गये हैं।
कोयल नदी घाट पर मैरीन ड्राइव का निर्माण कराया गया है। शहर के चार चौक-चौराहे का सौंदर्यीकरण का कार्य भी संपन्न हुआ है। मेदिनीनगर निगम अंतर्गत 14वें एवं 15 में वित्त योजना अंतर्गत गांधी मैदान का सौंदर्यीकरण 2 करोड़ रुपये की लागत से की गई है। वही कचहरी रोड में डिवाइड एवं लाइटिंग की व्यवस्था से शहर को सुंदरीकरण किया गया है। बड़ा तालाब का सौंदर्यीकारण एवं गहरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है। अमृत-टू अंतर्गत झरना तालाब का जीर्णोद्धार करने हेतु 1.17 करोड़ की लागत से की गई है। मेडिकल कॉलेज एवं स्टेशन के निकट आश्रय गृह का निर्माण कार्य कराई जा रही है।
जिले में 16 करोड़ 67 लाख 18 हजार रुपये की लागत से 15 मध्यम सिंचाई योजना एवं 18 चेक डैम का निर्माण/जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा है, जिससे 1323 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी।
जेएसबीएवाई के तहत 5 नए विद्युत शक्ति उप केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत आठ विद्युत शक्ति उप केन्द्रों का निर्माण किया गया है और लोगों के घरों तक बिजली पहुंचायी गयी है।
पलामू पुलिस अपराध के नियंत्रण एवं उग्रवाद के उन्मूलन की दिशा में अत्यंत प्रभावी कार्यवाई कर रही है। जनवरी 2023 से 19 जनवरी 2024 तक 46 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। चार नक्सली आत्मसमर्पण भी किये हैं।
इसके अतिरिक्त अन्य कई कांडों का उद्भेदन कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। आर्म्स एक्ट में 61 अवैध आर्म्स, 371 टन कोयला, 91 किलोग्राम गांजा, 16.08 किलोग्राम अफीम की बरामद की सहित 851 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse