टीम एबीएन, रांची। जमीन घोटाले मामले में ईडी की टीम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करीब 3 घंटे से पूछताछ करने में जुटी है। इस दौरान सीएम आवास पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।
सीआरपीएफ के 10 वाहनों से भारी संख्या में जवान सीएम आवास के चारों तरफ पहुंचे हैं। जवान हीट प्रूफ जैकेट के साथ पूरी तैयारी से लैस हैं। अलग-अलग टुकड़ियों में सीएम आवास के चारों तरफ लगाये गये हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम को जमीन घोटाले से जुड़े कई अहम सबूत मिले हैं, जिसे लेकर टीम लगातार पूछताछ करने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार सीएम हेमंत सोरेन से ईडी की पूछताछ देर रात तक चल सकती है।
ये भी बताया जा रहा है कि ईडी की टीम खाने-पीने के सामान के साथ सीएम आवास के अंदर गयी। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम करीब 300 सवालों की लिस्ट लेकर हेमंत सोरेन के पास पहुंची है। ईडी का एक कर्मचारी किसी फाइल को लेकर सीएम आवास पहुंचे हैं।
बता दें कि जमीन घोटाला मामले में ईडी सीएम हेमंत सोरेन को आठ बार समन कर चुकी है। मुख्यमंत्री हेमंत ने पत्र भेजकर प्रवर्तन निदेशालय के समन का जवाब दिया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय का कर्मी सूरज कुमार पत्र लेकर ईडी ऑफिस पहुंचे थे। पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि ईडी की टीम 20 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास आकर बयान दर्ज कर सकती है। उधर, ईडी ने झारखंड पुलिस मुख्यालय को पत्र लिखा है। पत्र में ईडी ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा है।
ईडी ने पुलिस मुख्यालय को लिखे पत्र में बताया है कि 20 जनवरी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में पूछताछ करने के लिए ईडी के अधिकारी जायेंगे। पूछताछ के लिए आने-जाने के दौरान ईडी के अधिकारियों को सुरक्षा संबंधित कोई परेशानी न हो, किसी तरह की विधि-व्यवस्था बाधित न हो, इसे सुनिश्चित कराया जाये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse