टीम एबीएन, रांची। रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में ठंड का प्रकोप जारी है। रांची में जम्मू से ज्यादा ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जम्मू में मंगलवार सुबह न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री रहा।
वहीं, रांची में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रहा। एक दिन पूर्व रांची का न्यूनतम पारा 6.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। शिमला में भी 6.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान है।
मंगलवार को शिमला जैसी ठंड झारखंड के अन्य इलाकों में भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 19 तक कोहरे का प्रभाव रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में रहेगा।
हजारीबाग में ठंड हाड़ हिलाने लगी है। मंगलवार शाम जिले के मासीपीढ़ी में पारा माइनस में पहुंच गया। यहां राइस रिसर्च सेंटर में न्यूनतम तापमान - 0.5 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं, मैकलुस्कीगंज में तापमान मंगलवार की सुबह दो डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बीते पांच साल में यह दूसरी बार है जब हजारीबाग जिले में पारा शून्य से नीचे पहुंचा है। इससे पहले 2019 में भी यहां पारा माइनस में चला गया।
मासीपीढ़ी स्थित केंद्रीय वर्षाश्रित उपराऊ भूमि चावल अनुसंधान केंद्र (सीआरयूआरआरएस) के प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ शिव मंगल ने भी मंगलवार को यहां पारा माइनस में पहुंचने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार मासीपीढ़ी में दर्ज तापमान के अनुसार सोमवार को यहां पारा शून्य डिग्री पर था। पारा माइनस में पहुंचने के बाद राइस रिसर्च सेंटर के मैदान में बर्फ जमने के भी प्रमाण मिले हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse