दूसरा टेस्ट सात विकेट से जीती टीम इंडिया

 

केपटाउन में पहली बार टेस्ट मैच जीती टीम इंडिया

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में सात विकेट से जीत हासिल की। गुरुवार (चार जनवरी) को मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने 79 रन के लक्ष्य को तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने इतिहास रच दिया। 

उसने पहली बार केपटाउन के न्यूलैंड्स ग्राउंड पर टेस्ट मैच में जीत हासिल की है। 31 साल तक भारत को इस जीत के लिए इंतजार करना पड़ा। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया को पहले मैच में पारी और 32 रन से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। केपटाउन में भारतीय खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। 

उनके सामने मेजबान टीम पस्त हो गयी। रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में वह कर दिखाया जो मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे कप्तान नहीं कर पाये। इनमें से किसी को भी बतौर कप्तान यहां जीत नहीं मिली। भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के मैदान पर दूसरी बार टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने में सफल रही। 

पिछली बार 2010-11 में ऐसा हुआ था। तब महेंद्र सिंह धोनी कप्तान थे। टीम इंडिया पहले टेस्ट में हारने के बाद दूसरा जीती थी और तीसरा मुकाबला ड्रॉ रहा था। अब रोहित शर्मा वहां सीरीज ड्रॉ कराने वाले दूसरे कप्तान बन गये। 

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उनका निर्णय गलत साबित हुआ। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम 55 रन पर ही सिमट गयी थी। उसके बाद भारत 153 रन पर आलआउट हो गया था। 

दोनों टीमों की पहली पारी मैच के पहले दिन ही समाप्त हो गयी थी। मुकाबले के दूसरे दिन मेजबानों ने दूसरी पारी में 173 रन बनाये। इस तरह भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला। उसने तीन विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse