टीम एबीएन, रांची। झारखंड में लैंड स्कैम मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बयान दर्ज करने के लिए ईडी की दो दिन की डेडलाइन खत्म होने के बाद से ही राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ गया। मुख्यमंत्री ने कल यानी 3 जनवरी को अपने आवास पर शाम 4.30 बजे गठबंधन विधायक दल की बैठक बुलायी है।
इससे पहले राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन आज सुबह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उन्होंने सोरेन से काफी देर तक चर्चा की है। अगर ईडी कोई एक्शन लेती है तो काउंटर अटैक के लिए क्या विकल्प हो सकता है, इसपर मंथन का दौर चल रहा है। उसी के तहत बुधवार को गठबंधन विधायक दल की बैठक बुलायी गयी है।
दूसरी तरफ झामुमो नेता सरफराज अहमद के गांडेय विधानसभा सीट से इस्तीफा और तत्काल प्रभाव से स्पीकर से उसकी मंजूरी के बाद ही कयास लगाये जाने लगे थे कि किसी तरह का कोई मामला होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के हाथों में सत्ता सौंप सकते हैं। उनको विधायक दल का नेता चुनने में भी कोई अड़चन नहीं आयेगी।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने मुख्यमंत्री को 29 दिसंबर को सातवां समन भेजा था। इसमें जिक्र था कि आप दो दिन के भीतर यानी 31 दिसंबर तक बतायें कि आपका बयान कब और कहां दर्ज किया जाये। इसको अंतिम नोटिस समझा जाये।
अगर जवाब नहीं आता है तो माना जायेगा कि आप जान-बूझकर जांच को प्रभावित कर रहे हैं। समन में इस बात का भी जिक्र है कि इस अंतिम समन की मियाद रिसीविंग के सात दिन के लिए होगी जो 5 जनवरी को पूरी हो रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse