कल होगा जयपाल सिंह मुंडा खेल पुरस्कार समारोह

 

मंगलवार को हुआ मोमेंटो का अनावरण

पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि होंगे मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव 

खिलाड़ियों, कोच और संस्थाओं को किया जायेगा सम्मानित 

उम्मीद फाउंडेशन कर रहा आयोजन 

टीम एबीएन, रांची। उम्मीद फाउंडेशन की ओर से मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जंयती पर आगामी तीन जनवरी 2024 को जयपाल सिंह मुंडा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में विभिन्न खेल से जुड़े खिलाड़ियों, कोच, खेल को प्रोत्साहित करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया जायेगा। यह जानकारी मंगलवार को उम्मीद फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रितेश उरांव, सचिव निरंजन भारती, खेल प्रकोष्ठ केंद्रीय अध्यक्ष प्रदीप मिर्धा, प्रदेश अध्यक्ष सोनू खलखो ने प्रेसवार्ता में दी। 

मौके पर झारखंड का सर्वोत्तम खेल पुरस्कार जयपाल सिंह मुंडा खेल पुरस्कार मोमेंटो का अनावरण जयपाल सिंह मुंडा खेल पुरस्कार समिति के द्वारा किया गया। मौके पर श्री उरांव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष तीन जनवरी को हॉकी खेल के भगवान की जयंती पर उम्मीद फाउंडेशन के तत्वधान में आयोजित किया जाता है। पुरस्कार का उद्देश्य मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की जीवन गाथा को जन जन तक पहुंचना और असाधारण खेल से विश्व पटल पर राज्य, देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों को समाज के भीतर गौरवशाली सम्मान दिलाना है। 

सर्वोत्तम खेल पुरस्कार समारोह में राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के द्वारा खिलाड़ियों, कोचों और खेल से जुड़े संगठनों को खेल विकास, झारखंड और झारखंड से बाहर निकलकर राष्ट्रीय अंतरष्ट्रीय स्तर पर खेल क्षेत्र मे शानदार और सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। 

दोपहर दो बजे से होगा कार्यक्रम 

कांके स्थित सीएमपीडीआइ के मयूरी हॉल में दोपहर दो बजे से पुरस्कार समारोह प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में राज्यभर के खिलाड़ियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। 

उपस्थित रहने पर दिया जायेगा पुरस्कार 

प्रेस वार्ता में कार्य्रकम के महासचिव निरंजन भारती ने बताया कि जो पुरस्कार विजेता खिलाड़ी समारोह में उपस्थित रहेंगे, उन्हें ही पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया जायेग। खिलाड़ियों के किसी भी प्रतिनिधि को पुरस्कृत नहीं किया जायेगा। खेल प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष प्रदीप मिर्धा ने बताया कि इस वर्ष महेंद्र सिंह धोनी समेत झारखंड के कई दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित किया जायेगा। विभिन्न क्षेत्रों में अपने खेल के माध्यम से झारखंड का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ी शामिल है। इसके अलावा खिलाड़ियों के हुनर को तराशने वाले कोच और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष सोनू खलखो ने बताया कि इस वर्ष छह कैटेगरी में खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जायेगा, इनमें जयपाल सिंह मुंडा खेल रत्न, जयपाल सिंह मुंडा पुरस्कार, गुरू सिलवानुस डुंगडुंग पुरस्कार, गुरू द्रोणाचार्य पुरस्कार, भगवान बिरसा मुंडा  साहसिक पुरस्कार और झारखंड खेल प्रोत्साहन पुरस्कार शामिल है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse