टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में नये साल के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय की तरफ से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को यह निर्देश दिया गया है कि वह अपने अपने जिले की सभी पिकनिक स्पॉट के अलावा शहर के रेस्टोरेंट और होटलों में सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से अलर्ट रहें।
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी अभियान अमोल वी होमकर ने बताया कि नये साल के जश्न में किसी भी तरह की बाधा न आये इसके लिए पुलिस ने अपनी पूरी तैयारी की है। आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नये साल के मद्देनजर राज्य के पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के इंतजाम किये हैं।
सभी पार्कों, डैम, पर्यटन स्थलों के इर्द-गिर्द स्टैटिक फोर्स की प्रतिनियुक्ति की गयी है। मजिस्ट्रेट भी सुरक्षा में तैनात किये गये हैं। साथ ही न्यू ईयर पार्टियों पर भी ध्यान रखने को कहा गया है। इसके अलावा 31 दिसंबर से ही वाहनों की चेकिंग और ड्रंक एंड ड्राइव चलाकर जांच की जायेगी।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए शक्ति कमांडों भी सक्रिय रहेंगे। सभी पिकनिक स्पॉट्स पर पुलिस सहायता केंद्र भी खोले गये हैं। साथ ही अलग-अलग रेस्टोरेंट्स, बियर बार और होटल के आसपास पुलिस की कड़ी नजर रखी जा रही है।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जिले के एसपी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं। आम लोगों से भी सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की गयी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse